कोलकाता, 1 फरवरी 2026: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट 2026-27 पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
ममता ने बजट को “पूरी तरह दिशाहीन” करार देते हुए कहा कि इसमें कोई स्पष्ट दिशा नजर नहीं आती।
उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में अर्थव्यवस्था पटरी से उतर चुकी है और शेयर बाजार लगातार गिर रहा है। ममता ने बजट को “महिला विरोधी” और “एससी-एसटी विरोधी” भी बताया।

बंगाल के लिए कोई खास ऐलान नहीं
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सबसे ज्यादा नाराजगी इस बात पर जताई कि बजट में पश्चिम बंगाल के लिए कोई खास पैकेज या ऐलान नहीं किया गया। उन्होंने कहा, “बंगाल को एक पैसा भी नहीं दिया है।
सिर्फ एक ही टैक्स है – जीएसटी। वे हमारा पैसा ले रहे हैं और बातें कर रहे हैं। यह हमारा पैसा है। वे बंगाल से जो वसूल रहे हैं, उसका पूरा फंड हमें नहीं दे रहे हैं।
हमें केंद्र सरकार से लगभग दो लाख करोड़ रुपये से अधिक मिलेंगे। इसलिए उन्हें सरकार चलाने और देश को इस तरह बर्बाद करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।”
अर्थव्यवस्था, संविधान और बुनियादी सुविधाओं पर हमला
ममता ने आगे कहा, “वे देश की आर्थिक संरचना, संवैधानिक संरचना, बुनियादी सुविधाओं सहित स्वतंत्र व्यवस्था, अर्थव्यवस्था, सामाजिक क्षेत्र, आर्थिक क्षेत्र, संघीय क्षेत्र – सब कुछ नष्ट करना चाहते हैं।
सब कुछ गायब हो गया है। सिर्फ बातें करते हैं, काम कम। वे करते क्या हैं? सिर्फ शब्दों का छल करते हैं… आपको आम लोगों को लाभ देना होगा ताकि वे सुविधाओं का आनंद ले सकें।”
केंद्र पर इतिहास विकृत करने का आरोप
ममता ने केंद्र पर इतिहास को विकृत करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “हम देख रहे हैं कि भारत के इतिहास को विकृत करने के प्रयास किए जा रहे हैं… अपमान, असहिष्णुता, उस इतिहास के प्रति कृतघ्नता जताई जा रही है तथा भाषा का अपमान किया जा रहा है। ये सब आज हमारे सामने है।”
योजना आयोग खत्म करने और बोस जयंती पर निशाना
ममता ने केंद्र पर सुभाष चंद्र बोस द्वारा परिकल्पित योजना आयोग को समाप्त कर नीति आयोग बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बोस की जयंती को राष्ट्रीय अवकाश घोषित नहीं किया गया।
भाजपा का जवाब: बजट ऐतिहासिक, आत्मनिर्भर भारत का विजन
भाजपा नेताओं ने बजट की जमकर तारीफ की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वित्त मंत्री की प्रशंसा की।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “बजट 2026-27 के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी जी ने सिद्ध किया है कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत केवल एक नारा नहीं, बल्कि हमारी सरकार का संकल्प है।
इस बजट में न सिर्फ हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर नागरिक को सशक्त बनाने का स्पष्ट ब्लूप्रिंट है, बल्कि उसे प्रोत्साहन देने का जमीनी विजन भी है।
#ViksitBharatBudget एक ऐसे भारत के निर्माण का विजन है, जो विश्व में हर क्षेत्र में अग्रणी हो।”
बजट में इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं हुआ, लेकिन स्वास्थ्य, रेलवे और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर दिया गया है।
ममता बनर्जी की यह तीखी प्रतिक्रिया 2026 विधानसभा चुनाव से पहले TMC की ओर से केंद्र पर हमले की शुरुआत मानी जा रही है।
क्या यह बयान बंगाल की राजनीति में नया तूफान लाएगा? आप क्या सोचते हैं – कमेंट में बताएं!
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



