कोलकाता। संबलपुर रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। शालीमार-संबलपुर महिमा गोसाईं एक्सप्रेस का एक डिब्बा पटरी से उतर गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
ट्रेन बहुत धीमी गति से चल रही थी, जिससे एक बड़ी त्रासदी होने से बच गई। पूर्वी तटीय रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, यह घटना सुबह 9:18 बजे संबलपुर सिटी स्टेशन और संबलपुर जंक्शन के बीच घटी।
हादसा तब हुआ जब ट्रेन संबलपुर सिटी स्टेशन से रवाना ही हुई थी। गार्ड वैन के पीछे लगे एक जनरल कोच का पिछला हिस्सा धीरे-धीरे पटरी से उतर गया।
रेलवे अधिकारियों और स्थानीय पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
यात्रियों को सुरक्षित रूप से अन्य डिब्बों में स्थानांतरित कर दिया गया। थोड़ी देर बाद ट्रेन सभी यात्रियों के साथ संबलपुर के लिए रवाना हो गई।
रेलवे के बयान में कहा गया है कि इस हादसे में “न तो किसी यात्री को कोई चोट आई है और न ही माल का कोई नुकसान हुआ है।” गार्ड ने भी बताया कि ट्रेन की गति धीमी होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद रेल प्रशासन ने पटरियों की तकनीकी जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
सवाल अब यह है कि जब ट्रेन धीमी रफ्तार में पटरी से उतर सकती है, तो तेज रफ्तार में क्या होता? रेल संरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीरता से सोचने की जरूरत है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

