पटना: राजद नेता तेजस्वी यादव, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, भाकपा महासचिव डी राजा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के नेता दीपांकर भट्टाचार्य और बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम राज्य विधानसभा चुनाव 2025 से पहले बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ महागठबंधन द्वारा बुलाए गए ‘बिहार बंद’ विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, “आज पूरा बिहार बंद है, चुनाव आयोग अपनी विश्वसनीयता पूरी तरह खो चुका है। वोटर लिस्ट से गरीब लोगों के नाम हटाने की बड़े पैमाने पर तैयारी चल रही है, पहले ये नाम हटाए जाएंगे, फिर पेंशन, फिर राशन हटाएंगे, इसी को लेकर महागठबंधन के दलों ने बिहार बंद का ऐलान किया है।
इसके साथ ही ट्रेड यूनियनों ने भी बंद का ऐलान किया है, हम उनका समर्थन करते हैं… राहुल गांधी भी इसमें उनका साथ देने आ रहे हैं… चुनाव आयोग एक राजनीतिक दल का प्रकोष्ठ बन गया है।
चुनाव आयोग खुद कन्फ्यूज है… हम हर मंच पर लड़ेंगे, चाहे वह सड़क हो, सदन हो या न्यायालय ‘बिहार बंद’ पर एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार कहते हैं, ”हम लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़कों पर निकले हैं. अगर सड़कें खामोश हो जाएं तो संसद भटक जाती है।

RJD नेता मृत्युंजय तिवारी ने ‘बिहार बंद’ पर कहा, “…वे गरीबों, किसानों और दलितों को उनके मताधिकार से वंचित करना चाहते हैं।
चुनाव आयोग को भाजपा आयोग नहीं बनना चाहिए और निष्पक्ष चुनाव कराने चाहिए… विशेष गहन पुनरीक्षण(SIR) को वापस लेना होगा। इसके लिए सड़क से लेकर अदालत तक लड़ाई जारी रहेगी।
हालांकि राज्य के अलग-अलग इलाकों में बुधवार को सुबह-सुबह आंदोलन का असर दिखाई पड़ा है। भोजपुर के बिहिया में पूर्व विधायक दिनेश ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर प्रदर्शन किया। सैकड़ों समर्थकों ने श्रमजीवी एक्सप्रेस और विभूति एक्सप्रेस ट्रेन को रोककर नारेबाजी की।
इसी तरह राजद कार्यकर्ताओं ने दरभंगा जंक्शन पर ‘नमो भारत’ ट्रेन का चक्का जाम कर दिया। राजद नेता प्रेमचंद्र उर्फ भोलू यादव ने कहा कि केंद्र की सरकार चुनाव आयोग पर दबाव बनाकर पुनरीक्षण कार्य करवा रही है।
जहानाबाद में राजद की छात्र इकाई ने विरोध प्रदर्शन किया है। जहानाबाद रेलवे स्टेशन पर सैकड़ों कार्यकर्ता पहुंचे और ट्रेन को रोक दिया। राजद समर्थकों ने जहानाबाद में रेलवे ट्रैक के अलावा नेशनल हाईवे- 83 को भी जाम कर दिया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



