उत्तर 24 परगना, कोलकाता : सोमवार सुबह उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम इलाके में हुए सड़क हादसे के बाद इलाके में जमकर बवाल हुआ। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जिसके विरोध में स्थानीय लोगों ने जेशोर रोड पर करीब तीन घंटे तक रास्ता जाम कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान गुस्साई भीड़ ने पुलिस कियॉस्क और थाने में भी तोड़फोड़ की। स्थिति को काबू में लाने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल और रैफ को तैनात किया गया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार तड़के करीब चार बजे जेशोर रोड स्थित काजी नजरुल इस्लाम एवेन्यू पर हुई।
एक मोटरसाइकिल सवार युवक डिवाइडर के बीच से रास्ता पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार मछली से लदी एक पिकअप वैन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक और उसके पीछे बैठे साथी सड़क पर जा गिरे।
पीछे बैठे ज़ियारुल रहमान (उम्र 38 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे एस.के. कासेद (उम्र 25 वर्ष) को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने घटना स्थल पर जमा होकर जेशोर रोड पर विरोध प्रदर्शन करते हुए रास्ता जाम कर दिया।
लोगों का आरोप था कि दुर्घटना के समय मौके पर पुलिस और सिविक वॉलंटियर मौजूद थे, बावजूद इसके पिकअप वैन का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। इसी बात को लेकर गुस्साए लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया और थाने के कियॉस्क में तोड़फोड़ की।
मामले को शांत करने के लिए मध्यमग्राम थाने के प्रभारी और बारासत पुलिस जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतीश विश्वास मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की लेकिन स्थिति काबू में नहीं आई।
जिसके बाद रैफ की तैनाती कर भीड़ को हटाया गया और जाम समाप्त कराया गया। करीब ढाई से तीन घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन की वजह से जेशोर रोड पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया था। हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को खासी में मशक्कत करनी पड़ी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

