खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिला प्रशासन की पहल पर मेदिनीपुर शहर स्थित जिला परिषद के प्रद्योत स्मृति सदन में आठवें “मेगा क्रेडिट कैंप” का आयोजन किया गया।
इस कैंप में स्वनिर्भर समूहों की महिलाओं को सीधे ऋण के चेक सौंपे गए। इस कैंप के माध्यम से पश्चिम मेदिनीपुर के 4611 से अधिक स्वनिर्भर समूहों को सीधे 310 करोड़ रुपये का ऋण दिया गया।
जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस कैंप में जिला, ब्लॉक और बैंक शाखा दोनों स्तरों पर आयोजित किया गया। बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, पश्चिम बंग ग्रामीण बैंक और पश्चिम मेदिनीपुर जिले में संचालित विभिन्न बैंकों ने ऋण प्रदान किया। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को स्वनिर्भर बनाने के लिए प्रशासन कई पहल कर रहा है।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि स्वनिर्भर समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के प्रयासों से न केवल महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास हो रहा है। इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और अधिक प्रोत्साहन मिल रहा है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

