IMG 20251114 WA0065

बचपन की मुस्कान से गूंज उठा लिटिल नेस्ट विद्यालय, बाल दिवस पर रंगारंग उत्सव

तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर के दीरोज़ियो नगर स्थित लिटिल नेस्ट विद्यालय में आज बाल दिवस का अवसर एक पर्व की तरह मनाया गया। विद्यालय परिसर बचपन की चहचहाहट, रंग-बिरंगी साज-सज्जा और बच्चों की मासूम हंसी से दमक उठा।

हर कोना आनंद और उत्सव की भावना से सराबोर था। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। उनके आदर्शों को स्मरण करते हुए ऋषि अरविंद बाल उद्यान में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी।

फैंसी ड्रेस और मॉडलिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने परियों, सैनिकों, स्वतंत्रता सेनानियों और लोककथाओं के पात्रों का रूप धरकर अपनी कल्पनाशक्ति का सुंदर प्रदर्शन किया।इसके बाद मंच सजा सांस्कृतिक कार्यक्रमों से।

नृत्य, गीत और लघु नाटिकाओं ने हर दर्शक को मुग्ध कर दिया। विद्यालय के सभागार में प्रदर्शित थ्री-डी शो ने बच्चों की आंखों में आश्चर्य और आनंद की चमक भर दी।

अंत में सभी बच्चों को मिठाई दी गई, जिससे उत्सव का समापन मधुर स्वाद के साथ हुआ।विद्यालय की अध्यक्षा इंद्राणी अधिकारी ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में श्यामली साहा, बर्णाली मंडल, मितुल सामंत, दीप्ति दास और बसवदत्ता मंडल जैसी प्रसिद्ध सांस्कृतिक हस्तियों की उपस्थिति ने इसे और गरिमामय बना दिया।

संपूर्ण आयोजन शिक्षिका सुमित्रा दोलई ने सहजता और स्नेह के साथ संचालित किया। यह दिन बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और उनके हृदय में सृजन की प्रेरणा बो गया।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

seventeen − five =