स्पोर्ट्स डेस्क, कोलकाता | 20 जुलाई 2026: फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में अर्जेंटीना को हार का सामना करना पड़ा। टीम के साथ-साथ कप्तान लियोनेल मेसी भी अपने प्रदर्शन से प्रभाव नहीं छोड़ सके। मुकाबले के बाद मैदान छोड़ते समय मेसी पूरी तरह भावुक नजर आए।
उनकी आंखों में आंसू थे, लेकिन उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी शामिल नहीं हुए।
मेसी की इस चुप्पी के बाद उनके अंतरराष्ट्रीय करियर को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, उन्होंने अभी तक संन्यास को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
अर्जेंटीना फुटबॉल फेडरेशन का भावुक पोस्ट
इन अटकलों को और हवा तब मिली जब अर्जेंटीना फुटबॉल फेडरेशन ने सोशल मीडिया पर मेसी की एक भावुक तस्वीर साझा की। तस्वीर में मेसी गले में रनर-अप मेडल पहने, कमर पर हाथ रखे और आंखों में आंसू लिए खड़े दिखाई दे रहे हैं।
पोस्ट में लिखा गया,
“कप्तान, तुम्हारे आंसू हमें भी रुलाते हैं। तुमने हमें जीवन की सबसे बड़ी खुशियां दी हैं। देश के लिए तुम्हारे समर्पण, जादुई खेल और आखिरी पल तक संघर्ष को सलाम। हम तुम्हें हमेशा प्यार करेंगे, लियो। हर चीज़ के लिए धन्यवाद।”
इस संदेश के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई कि क्या मेसी ने अर्जेंटीना के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेल लिया है।
फेयरवेल मैच की भी चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अर्जेंटीना में मेसी के सम्मान में एक विशेष फेयरवेल फ्रेंडली मैच आयोजित किया जा सकता है। माना जा रहा है कि यदि ऐसा होता है तो मेसी अपने घरेलू प्रशंसकों के सामने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को अलविदा कह सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
कोच ने क्या कहा?
फाइनल के बाद अर्जेंटीना के मुख्य कोच ने मेसी के भविष्य पर कहा,
“अब उनकी उम्र 39 साल है और यह अविश्वसनीय है कि वह आज भी इस स्तर पर खेल रहे हैं। मैं पहले भी कह चुका हूं और आज भी कहता हूं कि मेसी जब तक चाहें, तब तक राष्ट्रीय टीम के लिए खेल सकते हैं। उनके साथी, प्रशंसक और पूरा देश हमेशा उनके साथ रहेगा। उन्होंने जो हासिल किया है, वह उन्हें दुनिया का सर्वकालिक महान फुटबॉलर बनाता है।”
अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या लियोनेल मेसी अपने अंतरराष्ट्रीय भविष्य को लेकर कोई औपचारिक घोषणा करते हैं या नहीं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

