खड़गपुर। वामपंथी नेता अनिल दास पर हुए कथित हमले के मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर उनका बेटा मंगलवार को मुख्यमंत्री के जनता दरबार में पहुंचा। परिवार ने मामले में न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
इधर, मामले में पुलिस की सक्रियता भी बढ़ी है। खड़गपुर टाउन थाना पुलिस की एक टीम अनिल दास के घर पहुंची और घटना के संबंध में परिवार के सदस्यों से बातचीत कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले के विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ करते हुए जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाई।
इससे पहले अनिल दास की पत्नी मुख्यमंत्री तथा खड़गपुर के विधायक दिलीप घोष को पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप की मांग कर चुकी हैं।
वहीं, परिवार ने सॉल्टलेक स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी से भी मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और न्याय दिलाने की अपील की।
परिवार के अनुसार, घटना की जानकारी शुभेंदु अधिकारी को पहले से थी। खड़गपुर दौरे के दौरान उन्होंने सार्वजनिक रूप से इस घटना की निंदा की थी।
साथ ही पश्चिम मेदिनीपुर जिला पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश देने की बात भी कही गई है। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चा तेज है और पीड़ित परिवार प्रशासन से त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद लगाए हुए है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

