हावड़ा। पश्चिम बंगाल के मध्य हावड़ा शहर में पिछले 130 सालों से स्थाई रूप से रहते आ रहे गुप्ता परिवार के सदस्य तथा kolkatahindinews.com के संपादक राज कुमार गुप्त द्वारा लिखित और संपादित उनके परिवार के इतिहास और वर्तमान की पुस्तक – पारिवारिक इतिहास एवं वंश वृक्ष – “जड़ों की खोज में” का विमोचन उनके माताजी और पिताजी (कौशल्या देवी गुप्ता एवं बेचू शॉ गुप्ता) के द्वारा परिवार के उपस्थित कुछ सदस्यों के बीच संपन्न हुआ।
उन्होंने बताया कि हमारे पूर्वजों का सन् 1896 में बिहार के पटना प्रमंडल के बढ़ईआ जिले से पलायन कर तत्कालीन बंगाल प्रेसीडेंसी के मध्य हावड़ा जिले में आने के बाद से आज 2026 में पश्चिम बंगाल में ही स्थाई रूप से परिवार के निवास करने के 130 वर्षों के संक्षिप्त इतिहास को मैने पारिवारिक वंश वृक्ष के रूप में फोटो और संक्षिप्त विवरण सहित 40 पेज के एक पुस्तक का आकार दिया है।
इसमें हमारे परिवार के अब तक के छः पीढ़ी का विवरण है। यह पुस्तक हमारे खुद के पिछले 40 वर्षों से चल रहे परिवार के इतिहास को संजोने के प्रयास का ही सुफल है। महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी की रथ यात्रा के शुभ अवसर पर आज इस पुस्तक का विमोचन हमारी माताजी और पिताजी के कर-कमलों द्वारा अपने निजी घर ‘कौशल्या कुंज’, नेताजी सुभाष रोड, हावड़ा में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने इस पारिवारिक इतिहास को लिखने में सहयोग करने वाले अपने परिवार के सभी लोगों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि इसमें दिए गए पारिवारिक डाटा को निश्चित रूप से त्रुटिहीन रखने की हर संभव कोशिश की गई है।
इस पुस्तक का प्रकाशन ‘अंजनी प्रकाशन’ कोलकाता से किया गया है। पुस्तक को ISBN रजिस्टर्ड किया गया है तथा संपूर्ण पुस्तक को मोटे कागज पर रंगीन और बड़े अक्षरों में छापा गया है तथा प्रत्येक अध्याय को सुनने के लिए स्कैनर भी दिया गया है। चुकी यह पुस्तक परिवार का व्यक्तिगत इतिहास और वर्तमान है अतः इसे सिर्फ अपने पारिवारिक सदस्यों के बीच ही निःशुल्क वितरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अगर कोई भी परिवार या व्यक्ति अपने परिवार के इतिहास को हिंदी में लिखने के इच्छुक हैं तो मुझसे संपर्क कर सकता है, मैं उन्हें सहयोग करूंगा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

