IMG 20260120 WA0035

आलोचना कृति आशापूर्णा तुमि सम्पूर्णा के सात खण्डों का हुआ लोकार्पण

आशापूर्णा देवी का कथा संसार भारतीय साहित्य जगत की उपलब्धि, जिसका साक्षात्कार कराती हैं बूला जी की कृतियां – प्रो. शर्मा

उज्जैन। बांग्ला लेखिका आशापूर्णा देवी का कथा संसार भारतीय साहित्य जगत की अनुपम उपलब्धि है। आशापूर्णा देवी की कहानियां एक ओर जहां असहाय नारी की विडंबना को शक्ति प्रदान करती हैं वहीं अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाती हैं। डॉ. बूला कर की समीक्षा पुस्तकें उनके योगदान का साक्षात्कार कराती हैं।

बूला जी अपनी कृतियों के माध्यम से आशापूर्णा में डूब कर स्वयं आशापूर्णा हो गई हैं। सुविख्यात, रचनाकार आशापूर्णा देवी की दो सौ से अधिक कृतियों के साहित्य रूपी सागर से मोती चुनकर सात कृतियों में साहित्य प्रेमियों के समक्ष अनुपम कृतियां लेखिका ने प्रस्तुत की हैं।

ये उद्गार बतौर मुख्य अतिथि सम्राट् विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन के कुलानुशासक एवं समालोचक प्रो शैलेंद्र कुमार शर्मा ने हिंदी परिवार द्वारा आयोजित आलोचना कृति आशापूर्णा तुमि सम्पूर्णा के सात खण्डों के लोकार्पण अवसर पर व्यक्त किये। डॉ. शर्मा ने कहा कि आशापूर्णा की रचनाओं में नारी के सभी स्वरूप दिखते हैं वहीं बूला कर द्वारा उन पर लिखित कृतियां हिंदी जगत की अनमोल धरोहर हैं।

अध्यक्षता कर रहे प्रसिद्ध कवि और समिति के सभापति सत्यनारायण सत्तन, इंदौर ने कहा कि जब तक साहित्य आमजन से नहीं जुड़ता उसे साहित्य नहीं माना जा सकता। डॉ. बूला कर, आशापूर्णा में ऐसी डूबी कि स्वयं आशापूर्णा हो गई। उनकी कृतियां मूल कृतियों की संवेदना से साक्षात्कार की अनुभूति कराती है।

समिति के प्रधानमंत्री अरविंद जवलेकर ने कहा कि कृतियां बहुत ही अनमोल धरोहर हैं, मैं उनके लेखन की प्रशंसा करता हूं। बूला कर के हिंदी काव्य संग्रह अंतर्द्वंद के कोलकाता की डॉ. निवेदिता बनर्जी द्वारा किए गए अंग्रेजी अनुवाद पर चर्चा करते हुए डॉ. गरिमा दुबे ने कहा कि हिंदी की स्वरूप की कविताएं जहां गंभीर है वही अनुवाद भावपूर्ण एवं भाषा की सहज प्रवाह के साथ किया गया है।

डॉ. बूला कर ने आशापूर्णा देवी की जीवन और लेखन पर कलम चलाने की प्रेरणा पर प्रकाश डाला। आरंभ में अतिथियों द्वारा वाग्देवी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया गया। मां सरस्वती की मधुर कंठ से वंदना सौम्या मोहंती ने प्रस्तुत की।

अतिथियों का परिचय एवं संचालन हिंदी परिवार के अध्यक्ष हरेराम बाजपेयी ने किया और आभार सचिव संतोष मोहंती ने व्यक्त किया। अतिथियों का स्वागत सदाशिव कौतुक, प्रभु त्रिवेदी, विनीता सिंह चौहान, देवेंद्र सिसोदिया, दामिनी सिंह ठाकुर, डॉ. रमेश चंद्र एवं मुकेश इंदौरी ने किया।

इस अवसर पर डॉ. शशि निगम, डॉ. रागिनी शर्मा, दिनेश दवे, डॉक्टर कमल हेतावल, तनुजा चौबे, सुरेखा सिसौदिया, शिशिर उपाध्याय, बड़वाह आदि सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार और सुधीजन उपस्थित थे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

20 − sixteen =