खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर के गोल बाजार स्थित श्री दुर्गेश्वर मंदिर में आयोजित एक विशेष सभा के दौरान ‘गौ सम्मान आह्वान अभिमान’ अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। गोलबाजार स्थित मंदिर परिसर में हुए इस कार्यक्रम में गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिए जाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
आयोजकों ने बताया कि यह अभियान पूरी तरह स्वैच्छिक है और इसके अंतर्गत किसी भी प्रकार का दान या चंदा स्वीकार नहीं किया जाएगा। वृंदावन के संतों के आह्वान पर देशभर में जनसमर्थन जुटाने की योजना बनाई गई है।
अभियान के तहत आगामी 27 अप्रैल को देश के विभिन्न ब्लॉकों में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद संकलित हस्ताक्षरों सहित एक याचिका जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं संबंधित मंत्रियों को भेजी जाएगी, जिसमें गौ माता को राष्ट्रीय माता घोषित करने पर विचार करने का अनुरोध किया जाएगा।

सभा में चारण, जगदीश झांवर, मनोज प्रसाद, जी. रवि कुमार, राहुल शर्मा, सुभम गुप्ता, मौसमी दास, जगदीश प्रसाद अग्रवाल और नाजिर हुसैन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने गौ संरक्षण एवं सम्मान के महत्व पर विस्तार से विचार रखे और नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की। आयोजकों के अनुसार, यह पहल गौ संरक्षण के मुद्दे पर व्यापक जनसमर्थन जुटाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



