Kolkata : गाड़ी के धक्के से महिला की मौत, लोगों ने किया प्रदर्शन

कोलकाता :  महानगर के ईएमबाई पास इलाके में रविवार सुबह सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। हादसे के विरोध में स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इसके साथ ही पुलिस के सामने भी लोगों ने प्रदर्शन किया। मृतका का नाम गौरी दत्त बताया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि रविवार सुबह करीब 5 बजे एक सफेद कार साल्टलेक की ओर से आ रही थी। ईएम बाइपास के कादापाड़ा मोड़ के पास वाहन ने सिग्नल तोड़ा और तेज गति से आगे निकल गयी।

उस समय एक महिला सड़क पार कर रही थी। तभी उक्त तेज रफ्तार कार ने महिला को टक्कर मार दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के वक्त मौजूद स्थानीय लोगों ने कार को पकड़ लिया। वाहन के चालक और परिचालक को भी पीटा गया। हादसे के विरोध में स्थानीय लोगों ने कादापाड़ा मोड़ के निकट सड़क पर जाम लगा दिया। वहीं, इस घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस के हस्तक्षेप के लगभग एक घंटे बाद लोगों का विरोध प्रदर्शन समाप्त हुआ। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वाहन के चालक व 1 अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *