तारकेश कुमार ओझा, कोलकाता। बंग संतान ‘बांग्ला भाषियों को बांग्लादेशी करार दिए जाने तथा देश के विभिन्न भागों में बंगालियों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार और अत्याचार पर राजधानी कोलकाता में शनिवार को नारी शक्ति गरज उठी। कोलकाता स्थित गांधी प्रतिमा के पास महिला तृणमूल कांग्रेस द्वारा आयोजित धरना प्रदर्शन में नारी शक्ति का मुखर रूप सामने आया।
अपने तेवर से महिला प्रदर्शनकारियों ने सिद्ध किया कि नारी यदि लक्ष्मी – सरस्वती का प्रतिरूप है तो चंडी का भी! वह घर परिवार और समाज को एकसूत्र में बांध सकती है तो अन्याय- अत्याचार का मुखर होकर प्रतिकार करने में भी सक्षम है।
प्रदेश के कोने-कोने से आई महिलाओं के इस धरना प्रदर्शन का नेतृत्व वरिष्ठ तृणमूल नेत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य, माला राय, स्मिता बक्शी,, काजरी बंदोपाध्याय, नयना दास, शशि पांजा तथा कृष्णा चक्रवर्ती आदि ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में तृणमूल विधायक, सांसद, जिला महिला अध्यक्ष और राज्य महिला संगठन की सभी पदाधिकारी भी उपस्थित रही।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि इन दिनों भाजपा शासित राज्यों में बांग्ला भाषी उत्पीड़न का अभियान चल रहा है। बांग्ला में बात करने वाले को बांग्लादेशी करार दिया जा रहा है। आपने बांग्ला में बात की, मतलब उनकी नजर में आप बांग्लादेशी हो गए। आपकी नागरिकता छीन ली जाएगी।
लेकिन बंग संतान इसे सहन करने वाले नहीं। आप हमें कुछ समय के लिए प्रताड़ित और परेशान कर सकते हैं। लेकिन हमारे अधिकार नहीं छीन सकते। यह देश संविधान से चलता है और चलता रहेगा।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में इस अन्याय के खिलाफ प्रदर्शन साल के अंत तक यानी दिसंबर तक अनवरत चलेगा। हम इस कुत्सित भेदभावपूर्ण नीति का निर्णायक विरोध करते रहेंगे।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

