कोलकाता हिन्दी न्यूज | 22 जुलाई 2026: कोलकाता मेट्रो में एक बार फिर पिलर में दरार मिलने की घटना सामने आई है। कवि सुभाष मेट्रो स्टेशन के बाद अब ग्रीन लाइन के सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के एक पिलर में दरार दिखाई देने से यात्रियों के बीच चिंता बढ़ गई।
सूचना मिलते ही मेट्रो के वरिष्ठ अधिकारी और स्ट्रक्चरल इंजीनियर मौके पर पहुंचे और विस्तृत जांच की।
प्रारंभिक जांच के बाद मेट्रो प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दरार केवल पिलर की बाहरी क्लैडिंग (Cladding) में है, जबकि मुख्य संरचना पूरी तरह सुरक्षित है। अधिकारियों ने कहा कि स्टेशन पर किसी तरह का खतरा नहीं है और मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।
मीडिया से मिली सूचना
बुधवार सुबह मेट्रो अधिकारियों को मीडिया के माध्यम से पिलर में दरार की जानकारी मिली। इसके बाद मेट्रो के मुख्य अधिकारी, वरिष्ठ इंजीनियर और स्ट्रक्चरल विशेषज्ञों की टीम तत्काल सिटी सेंटर स्टेशन पहुंची।
जांच के दौरान पिलर की बाहरी प्लास्टर परत हटाई गई, जहां दरार अपेक्षाकृत चौड़ी दिखाई दी। हालांकि विशेषज्ञों ने पाया कि यह केवल बाहरी सतह तक सीमित है और इससे पिलर की भार वहन क्षमता या मुख्य संरचना प्रभावित नहीं हुई है।
जल्द होगी मरम्मत
मेट्रो प्रशासन ने बताया कि एहतियात के तौर पर दरार की जल्द मरम्मत कराई जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दरार किस कारण से उत्पन्न हुई और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं।
मेट्रो ने यात्रियों को किया आश्वस्त
कोलकाता मेट्रो के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) एस. एस. कन्नन ने कहा,
“हमें इस मामले की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली। हमारी इंजीनियरिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह केवल बाहरी क्लैडिंग में दरार है। मुख्य संरचना पूरी तरह सुरक्षित है और यात्रियों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। ग्रीन लाइन पर मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं।”
- पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
गौरतलब है कि जुलाई 2025 में कवि सुभाष मेट्रो स्टेशन के पिलर में गंभीर दरार मिलने के बाद स्टेशन को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया था। वहां अब भी मरम्मत का कार्य जारी है। ऐसे में एक और मेट्रो स्टेशन के पिलर में दरार मिलने की घटना ने संरचनात्मक सुरक्षा को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।
हालांकि मेट्रो प्रशासन ने साफ किया है कि फिलहाल सिटी सेंटर स्टेशन पूरी तरह सुरक्षित है और यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।


