कोलकाता हिन्दी न्यूज | 27 अगस्त 2026: दक्षिण कोलकाता के गरफा इलाके में एक नाबालिग लड़की को होटल में बुलाकर कथित तौर पर बंधक बनाने और उसे जबरन देह व्यापार में धकेलने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
सूचना मिलते ही कोलकाता पुलिस के अधिकारियों ने होटल में छापेमारी कर नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया। मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष भारद्वाज, शेख साहाबुद्दीन, मुजफ्फर हुसैन और स्वरूप दास के रूप में हुई है। चारों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गाना गाने पर मोटी रकम का दिया था लालच
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नाबालिग एक बार में गाना गाती थी। इसी दौरान कथित तौर पर होटल से जुड़े कुछ लोगों की नजर उस पर पड़ी। आरोप है कि उसे गड़फा के होटल में गाना गाने के बदले मोटी रकम मिलने का लालच दिया गया।
इसी बहाने नाबालिग को होटल में बुलाया गया और कथित तौर पर एक कमरे में बंद कर दिया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि उसे कई दिनों तक होटल में रखा गया था।
देह व्यापार में धकेलने की थी कथित साजिश
पुलिस को संदेह है कि आरोपियों की योजना नाबालिग को जबरन सेक्स रैकेट में धकेलने की थी। जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर उसके लिए ग्राहकों की तलाश भी शुरू कर दी थी।
हालांकि, इससे पहले ही पूरी साजिश का खुलासा हो गया और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग को बचा लिया।
एक परिचित को दी थी सूचना, फिर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, होटल में बंद नाबालिग किसी तरह अपने एक परिचित से संपर्क करने में सफल रही। उसने अपने साथ हुई पूरी घटना की जानकारी परिचित को दी। इसके बाद परिचित ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और गड़फा स्थित होटल में छापेमारी की। वहां से नाबालिग को बरामद करने के साथ ही चार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पॉक्सो एक्ट में मामला, नेटवर्क की तलाश
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस कथित रैकेट के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या पहले भी इसी तरह किसी नाबालिग या अन्य लड़कियों को निशाना बनाया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

