कोलकाता, 8 जनवरी 2026: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को कोलकाता में इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (I-PAC) के ऑफिस और प्रमुख प्रतीक जैन के घर पर की गई छापेमारी के दौरान बंगाल पुलिस और राज्य प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
ED का दावा है कि तलाशी शांतिपूर्ण शुरू हुई थी, लेकिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पुलिस बल और अधिकारियों के पहुंचने के बाद स्थिति बदल गई। एजेंसी ने कहा कि दो परिसरों से भौतिक दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जबरन हटा दिए गए।
रेड की ताजा स्थिति
- रेड अब 5 घंटे से अधिक समय से चल रही है।
- ED ने दस्तावेज, हार्ड डिस्क और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए।
- ममता बनर्जी प्रतीक जैन के घर पहुंचीं और कुछ फाइल्स लेकर निकलीं।
- TMC ने राज्यभर में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया।
ईडी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, ईडी मुख्यालय इकाई ने गुरुवार को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत बंगाल और दिल्ली में कुल 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

यह कार्रवाई कथित कोयला तस्करी सिंडिकेट के खिलाफ की गई, जिसका नेतृत्व अनूप माजी कर रहा है। जांच एजेंसी का दावा है कि यह सिंडिकेट ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) के पट्टा क्षेत्रों से अवैध रूप से कोयले की निकासी और चोरी में संलिप्त है।
शांतिपूर्ण शुरुआत, फिर बिगड़ा माहौल
ईडी के अनुसार, तलाशी अभियान की शुरुआत पूरी तरह शांतिपूर्ण रही। लेकिन बाद में मुख्यमंत्री के पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद हालात बदल गए।
एजेंसी का आरोप है कि दो परिसरों में तलाशी के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और वहां से भौतिक दस्तावेजों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी जबरन हटा लिए गए।
ईडी का स्पष्टीकरण
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रवर्तन निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई पूरी तरह साक्ष्य-आधारित और कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है।
एजेंसी ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल या प्रतिष्ठान को निशाना बनाना इस कार्रवाई का उद्देश्य नहीं है। ईडी ने यह भी साफ किया कि किसी पार्टी कार्यालय की तलाशी नहीं ली गई है।
चुनाव से कोई लेना-देना नहीं: ईडी
ईडी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि इस छापेमारी का आगामी या मौजूदा चुनावों से कोई संबंध नहीं है। यह मनी लॉन्ड्रिंग के खिलाफ नियमित जांच प्रक्रिया का हिस्सा है और सभी कानूनी सुरक्षा उपायों का पालन किया जा रहा है।
भाजपा ने बताया संवैधानिक कार्रवाई
इस बीच, बंगाल भाजपा की प्रदेश इकाई ने राजनीतिक रणनीतिकार संस्था आई-पैक के प्रमुख प्रतीक जैन के कोलकाता स्थित आवास और कार्यालयों पर ईडी की कार्रवाई को सही ठहराया है।
भाजपा ने इसे पूरी तरह संवैधानिक, साक्ष्य-आधारित और कानून के दायरे में की गई कार्रवाई बताया है।
राज्य में इस कार्रवाई के बाद सियासी तापमान और बढ़ गया है। आने वाले दिनों में इस मामले को लेकर केंद्र और राज्य के बीच टकराव और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



