कोलकाता हिन्दी न्यूज | 17 अक्टूबर 2026: दुर्गापूजा के दौरान कोलकाता की सड़कों पर उमड़ रही भीड़ के बीच खानपान की गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है।
इसी कड़ी में पार्क स्ट्रीट, रसेल स्ट्रीट और मिडलटन स्ट्रीट समेत शहर के विभिन्न इलाकों में खाद्य पदार्थों की जांच की गई। इस दौरान खराब पनीर और एक्सपायरी डेट पार कर चुकी ग्रेवी मिलने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
पार्क स्ट्रीट इलाके में 27 दुकानों की जांच
पार्क स्ट्रीट क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ‘मोबाइल फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ के जरिए अभियान चलाया। सातवें बोरो के अंतर्गत पार्क स्ट्रीट, रसेल स्ट्रीट और मिडलटन स्ट्रीट में सड़क किनारे मौजूद मिठाई की दुकानों और विभिन्न खानपान प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
इस दौरान रोल, चाउमीन, मोमो, बिरयानी, चिकन चाप और चाइनीज व्यंजनों समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए। मोबाइल फूड टेस्टिंग यूनिट में इनकी तत्काल जांच भी की गई।
अभियान के दौरान पार्क स्ट्रीट और मिडलटन स्ट्रीट में कुल 27 खाद्य दुकानों का निरीक्षण किया गया और 40 खाद्य नमूने एकत्र किए गए।
खराब पनीर और एक्सपायर्ड ग्रेवी नष्ट
जांच के दौरान पनीर का एक नमूना खराब पाया गया। इसके बाद नगर निगम के खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर ही करीब दो किलोग्राम पनीर नष्ट कर दिया।
इसके अलावा कुछ रेस्तरां में ग्रेवी जैसे तैयार खाद्य पदार्थों पर उनके तैयार किए जाने की तारीख का टैग नहीं लगा था। जांच में एक्सपायरी डेट पार कर चुकी करीब 20 किलोग्राम ग्रेवी भी मिली, जिसे टीम ने नष्ट कर दिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग का यह अभियान दुर्गापूजा के दौरान बाहर खाने वाले लोगों के लिए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
देशप्रिय पार्क के रेस्तरां में भी हुई जांच
इससे पहले षष्ठी के दिन देशप्रिय पार्क के आसपास स्थित कई रेस्तरां में भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी और जांच की थी। पूजा के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए शहर के अलग-अलग इलाकों में खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी की जा रही है।
दुर्गापूजा के दौरान सड़क किनारे मिलने वाले व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग निकलते हैं। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, उनकी तैयार करने की तारीख और सुरक्षित भंडारण पर निगरानी महत्वपूर्ण हो जाती है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

