कोलकाता हिन्दी न्यूज | 25 जुलाई 2026: आर्थिक रूप से कमजोर और घनी आबादी वाले इलाकों के लोगों को घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार ने बड़ा कदम उठाया है।
राज्य सरकार स्टेट अर्बन डेवलपमेंट एजेंसी (SUDA) के माध्यम से शहर में 100 नई मोबाइल मेडिकल यूनिट शुरू करने जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस पहल से कोलकाता की झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले हजारों लोगों को मुफ्त और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इन मोबाइल मेडिकल यूनिट्स का उद्देश्य उन लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जो आर्थिक तंगी या दूरी के कारण अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों तक नहीं पहुंच पाते।
नई 100 यूनिट शुरू होने के बाद शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा।
मोबाइल मेडिकल वैन में मिलेंगी आधुनिक जांच सुविधाएं
हर मोबाइल मेडिकल यूनिट को अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस किया जाएगा। इनमें सेमी-ऑटो एनालाइजर, सेल काउंटर, ईसीजी मशीन, अल्ट्रासोनोग्राफी और पोर्टेबल हैंड-हेल्ड एक्स-रे मशीन उपलब्ध होगी।
यानी मरीजों को सामान्य जांच के साथ कई महत्वपूर्ण मेडिकल टेस्ट भी मौके पर ही कराए जा सकेंगे। इन वैन में हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, मलेरिया जांच, प्रेग्नेंसी टेस्ट समेत लगभग 35 प्रकार की पैथोलॉजी जांच की सुविधा होगी।
गर्भवती महिलाओं के लिए अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था भी रहेगी, जिससे समय पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान की जा सकेगी।
टेलीमेडिसिन से मिलेगा विशेषज्ञ डॉक्टरों का परामर्श
यदि किसी मरीज की बीमारी जटिल पाई जाती है, तो उसे अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मोबाइल यूनिट में मौजूद टेलीमेडिसिन सुविधा के जरिए मरीज सीधे विशेषज्ञ डॉक्टरों से ऑनलाइन परामर्श ले सकेंगे।
इससे समय की बचत होगी और गंभीर मरीजों को समय पर उचित इलाज मिल सकेगा।
गरीब परिवारों को मिलेगा सबसे ज्यादा लाभ
स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शहर की झुग्गी बस्तियों में रहने वाले कई लोग आज भी नियमित स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित हैं।
नई मोबाइल मेडिकल यूनिट्स का उद्देश्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को सीधे उनके घरों तक पहुंचाना है। खासकर गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को इससे बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
एक चिकित्सक ने कहा कि बस्तियों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करना हमेशा चुनौती रहा है।
नई मोबाइल मेडिकल यूनिट्स इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी और शहरी स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद करेंगी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

