IMG 20251111 WA0001

कोलाघाट का फूल बाजार बनेगा आधुनिक : 5000 लोगों की मांग प्रशासन तक पहुंची

किसान और व्यापारी बोले – अब नहीं सहेंगे दुर्गंध और अव्यवस्था

कोलाघाट। राज्य का दूसरा सबसे बड़ा फूल बाजार पूर्व मेदिनीपुर जिले का कोलाघाट फूल बाजार है। दक्षिण-पूर्व रेलवे के कोलाघाट स्टेशन के डाउन प्लेटफॉर्म नंबर 1 के नीचे स्थित यह फूल बाजार प्रतिदिन सुबह 3 बजे से 10 बजे तक लगता है।

रेल खंड के एक कोने में लगभग 1469 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला यह बाजार हावड़ा, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों से आने वाले लगभग 3 से 4 हजार फूल उत्पादक और व्यवसायियों की खरीद-बिक्री का केंद्र है।

रेल विभाग इस बाजार में आने वाले प्रत्येक किसान से प्रतिदिन 10 रुपये तथा फूल व्यवसायियों और दुकानदारों से 25 से 40 रुपये तक ठेला-बाज़ारी (तबाजारी) टिकट शुल्क वसूल करता है। लेकिन इस बाजार में न तो छत की व्यवस्था है, न फर्श, न पीने के पानी, रोशनी या शौचालय की सुविधा।

परिणामस्वरूप प्रतिदिन लगभग 5 हजार से अधिक खरीदार और विक्रेता बदबूदार, अस्वच्छ स्थिति में फूल जैसी सुंदर वस्तु का व्यापार करने को मजबूर हैं।

इसी कारण बाजार में फूल संरक्षण प्रणाली सहित इसे आधुनिक फूल बाजार के रूप में विकसित करने की मांग को लेकर कोलाघाट फूल बाजार प्रबंधन समिति ने तमलुक के सांसद और पूर्व मेदिनीपुर के नए जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधि मंडल में समिति के सलाहकार तथा अखिल बंग फूल उत्पादक और व्यवसायी समिति के सचिव नारायण चंद्र नायक और सह सचिव इंद्रजीत कोले मौजूद थे।

नारायण चंद्र नायक ने बताया कि वर्ष 2000 में जब राज्य के उद्यान मंत्री शैलेन सरकार को इस बाजार की स्थिति बताई गई, तब वे 29 जनवरी 2001 को निरीक्षण के लिए आए थे।

इसके बाद 2 अप्रैल को राइटर्स बिल्डिंग में रेलवे अधिकारियों की उपस्थिति में उच्च स्तरीय बैठक हुई थी। बैठक के निर्णयों पर कुछ शुरुआती कदम उठे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

अब समिति ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई न की गई तो वे किसानों और व्यापारियों को साथ लेकर रेल अवरोध जैसे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

उल्लेखनीय है कि इसी मांग को लेकर 22 सितंबर को अखिल बंग फूल उत्पादक और व्यवसायी समिति ने राज्य के उद्यान मंत्री अरूप राय और सचिव स्मरकी महापात्र को जनस्वाक्षरित ज्ञापन भी सौंपा था।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

two × three =