तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। जंगलमहल के दूरदराज इलाकों में रहने वाले लोगों तक कानून की जानकारी पहुंचाने की पहल के तहत बुधवार को गोपीबल्लभपुर में कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
झाड़ग्राम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में छातिनशोल ब्लॉक कार्यालय के सभागार में आयोजित इस नि:शुल्क शिविर में गोपीबल्लभपुर थाना क्षेत्र में विभिन्न कार्यों से जुड़े करीब दो सौ कर्मियों ने हिस्सा लिया।
शिविर में झाड़ग्राम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव तथा न्यायिक अधिकारी रीहा त्रिवेदी ने दहेज विरोधी कानून, गिग वर्करों की सुरक्षा, उपभोक्ता संरक्षण सहित कई महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आवश्यकता पड़ने पर कानूनी सहायता लेने का आह्वान किया।
प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ता उत्तम बेज ने विभिन्न कानूनी विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आम लोगों के लिए उपलब्ध कानूनी प्रावधानों और उनके उपयोग की प्रक्रिया समझाई।
वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अधिकार मित्र रीता दास दत्त ने स्थानीय सुवर्णरेखिक भाषा में लोगों से संवाद किया। उन्होंने सरल भाषा में बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से आम लोगों को किस प्रकार की कानूनी सेवाएं मिल सकती हैं तथा इन सेवाओं के लिए कहां और किस तरह संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने जरूरतमंद लोगों के साथ हर समय खड़े रहने का भरोसा भी दिलाया।
गोपीबल्लभपुर-1 ब्लॉक के संयुक्त प्रखंड विकास पदाधिकारी सुशांत कुंडू ने गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और पात्र लोगों तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाने से जुड़े पहलुओं पर भी चर्चा की।
गोपीबल्लभपुर थाने के सब-इंस्पेक्टर शेख सरफराज नवाज ने साइबर अपराध और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर लोगों को सचेत किया। उन्होंने साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी देते हुए डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतने की सलाह दी।
शिविर में गोपीबल्लभपुर-1 ब्लॉक क्षेत्र के करीब दो सौ कर्मियों के अलावा अधिकार मित्र तारकेश्वर राणा, नीलकंठ घोड़ाई, मोहित बेज और आलोक सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
शिविर का उद्देश्य केवल कानून बताना नहीं, बल्कि दूरदराज के लोगों को यह भरोसा दिलाना भी रहा कि न्याय और कानूनी सहायता तक उनकी पहुंच संभव है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

