कोलकाता हिन्दी न्यूज | 06 अगस्त 2026: महान गायक, अभिनेता स्व. किशोर कुमार के जन्मदिन के अवसर पर पाटुली में संगीतमय माहौल देखने को मिला। स्वरांजलि म्यूजिक ट्रूप द्वारा संगीत गुरु किशोर शर्मा की अगुवाई में दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन धूमधाम से किया गया।
इस दौरान संगीत प्रेमियों ने किशोर दा की कालजयी संगीतमय विरासत को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ
समारोह का शुभारंभ पाटुली स्थित किशोर कुमार की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर और माल्यार्पण के साथ हुआ। उसके उपरांत ट्रूप के कलाकारों ने किशोर दा के अमर और सदाबहार गीतों को अपनी आवाज देकर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा परिसर ‘किशोर मय’ हो उठा।
‘भारत रत्न’ की मांग
इस खास मौके पर ट्रूप के सदस्यों ने संगीत जगत में अतुलनीय योगदान के लिए किशोर कुमार को मरणोपरांत देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ देने की मांग की।
इसी बीच किशोर कुमार के गीतों पर आधारित गायकी प्रतियोगिता भी आयोजित हुई, जिसमें हिस्सेदारी करने वाले कलाकारों को पुरस्कृत किया गया।
संगीत गुरु का बयान
स्वरांजलि के संस्थापक संगीत गुरु किशोर शर्मा ने कहा, “किशोर दा सिर्फ एक गायक नहीं, बल्कि भारतीय संगीत की अनमोल धरोहर हैं। उनका संगीत हर पीढ़ी के दिलों को छूता है। उन्हें ‘भारत रत्न’ से सम्मानित करना पूरे देश के संगीत प्रेमियों का सम्मान होगा।”
कलाकारों की उपस्थिति
मौके पर मौसमी मोहंती, सुजय हल्दर, प्रियरंजन कर, बनानी सरकार, नमिता मंडल, नीलेंदू घोष, प्रियंजना घोष, मौसमी चौधरी, पाली मंडल,
जितेन्द्र बाल्मीकि, सोनाली मन्ना, काकोली घोष, देबाशीष सान्याल, झुमुर साहा, कुहेली टैगोर, शिवम शर्मा सहित अन्य कलाकार उपस्थित रहे।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।


