शताब्दी वर्ष में कमल के फूल पर विराजेंगी मां दुर्गा, तृतीया को पंडाल का उद्घाटन
संवाद सूत्र, खड़गपुर। खड़गपुर शहर के बाबू लाइन साउथ साइड स्थित बाबू लाइन सार्वजनिन दुर्गापूजा कमेटी की ओर से दुर्गापूजा के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आज विधिवत खूंटी पूजा संपन्न हुई। इस अवसर पर काउंसलर अनुश्री बेहरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
आयोजक सौरव दास और जयदीप भट्टाचार्य ने बताया कि वर्ष 1926 में स्थापित इस पूजा कमेटी का यह 100वां वर्ष है। शताब्दी वर्ष को यादगार बनाने के लिए इस बार पूजा का विशेष आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष पूजा का थीम कमल के फूल पर विराजमान मां दुर्गा है। दुर्गापूजा में कमल के फूल का विशेष धार्मिक महत्व है और इसी को ध्यान में रखते हुए प्रतिमा व पंडाल को विशेष रूप दिया जा रहा है।
आयोजकों ने बताया कि महाषष्ठी से पहले तृतीया के दिन पूजा पंडाल का उद्घाटन किया जाएगा। शताब्दी वर्ष के अवसर पर पूजा के दौरान विभिन्न रंगारंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रख्यात रॉकस्टार गुरजीत सिंह की प्रस्तुति भी प्रमुख आकर्षण होगी।
आयोजकों ने बताया कि बाबू लाइन की दुर्गापूजा वर्षों से खड़गपुर की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा रही है। शताब्दी वर्ष में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

