तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर पश्चिम चक्र अंतर्गत विद्यासागर क्लस्टर संसाधन केंद्र के तत्वावधान में वार्षिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन अत्यंत भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
खड़गपुर के सुभाषपल्ली स्थित बी.एन.आर. ग्राउंड में आयोजित इस क्रीड़ा समारोह में कुल 13 विद्यालयों के लगभग 180 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
समारोह की अध्यक्षता कृष्णा विश्वास ने की, जबकि दीपिका घोष ने सचिव के रूप में दायित्व निभाया। खेल प्रतियोगिता के उद्घाटन एवं पुरस्कार वितरण सत्र में अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

प्रमुख अतिथियों में खड़गपुर नगर पालिका की अध्यक्ष कल्याणी घोष, मेदिनीपुर-खड़गपुर विकास परिषद के सह-अध्यक्ष प्रदीप सरकार, खड़गपुर टाउन थाना के आई.सी. पार्थसारथी पाल, बंगाल की लड़कियों की टेबल टेनिस कोच श्रीपर्णा नंद, राजू गुप्ता, प्रणवेश मंडल एवं अरिंदम सिंह शामिल थे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता और अनुशासन को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने इस तरह के आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया और आयोजकों की सराहना की।
विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड इवेंट्स में छात्र-छात्राओं ने उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना के साथ भाग लिया। पूरे आयोजन का संचालन अरिंदम सिंह, कृष्णा विश्वास, दीपिका घोष सहित खड़गपुर पश्चिम चक्र के शिक्षक-शिक्षिकावृंद ने किया। उनकी सुव्यवस्थित और अनुशासित व्यवस्था के चलते प्रतियोगिता सफलता पूर्वक संपन्न हुई।
समारोह के समापन अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। पूरे आयोजन के दौरान खेल मैदान आनंद, उत्साह और उल्लास से सराबोर नजर आया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



