संजय शर्मा अध्यक्ष, उत्तम बेरा कार्यकारी अध्यक्ष; गौतम राय और समापन घोष को महासचिव की जिम्मेदारी
तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। मजदूरों के हितों की रक्षा, श्रमिकों की समस्याओं को मुखरता से उठाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के संकल्प के साथ भारतीय जनता मजदूर सेल (बीजेएमसी) की पश्चिम मेदिनीपुर जिला कमेटी का गठन किया गया। जिला सम्मेलन में नई कमेटी की घोषणा के साथ ही जिले में ट्रेड यूनियन गतिविधियों को विस्तार देने और मजदूरों के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया गया।
सम्मेलन में संजय शर्मा को जिला अध्यक्ष, उत्तम बेरा को कार्यकारी अध्यक्ष तथा गौतम राय और समापन घोष को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, पीयूष कांति घोष और सायनी घोष को जिला कमेटी का उपाध्यक्ष बनाया गया। नई कमेटी के गठन को जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और श्रमिकों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सम्मेलन में संगठन के राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। इनमें बीजेएमसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्नब चटर्जी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरमान गांगुली, पश्चिम बंगाल के महासचिव वसीम अहमद, पश्चिम बंगाल स्टेट फेडरेशन के राज्य सचिव अब्दुल सलाम तथा पश्चिम बंगाल के जनरल सेक्रेटरी (लीगल सेल) बिश्वजीत मिश्रा प्रमुख रूप से शामिल थे।
सम्मेलन में मजदूरों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने, उनकी समस्याओं को संबंधित मंचों पर उठाने तथा श्रमिकों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संगठित प्रयास करने पर बल दिया गया। साथ ही जिले में संगठन का आधार मजबूत करने और श्रमिकों के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने की आवश्यकता रेखांकित की गई।
नई जिला कमेटी के सामने मजदूरों की समस्याओं को संगठनात्मक स्तर पर उठाने, ट्रेड यूनियन गतिविधियों को सक्रिय बनाने और जिले में श्रमिकों से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी पहल करने की जिम्मेदारी होगी। सम्मेलन को इसी दिशा में संगठन की आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

