तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से राष्ट्रवादी चिंतक, प्रख्यात शिक्षाविद्, स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री तथा भारतीय जनसंघ के संस्थापक भारत केसरी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 73वें बलिदान दिवस के अवसर पर खड़गपुर के पुरातन बाजार स्थित भाजपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं, कार्यकर्ताओं, साहित्यकारों एवं गणमान्य नागरिकों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए दिए गए उनके अमूल्य बलिदान को विनम्र श्रद्धांजलि दी।
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा झाड़ग्राम के इंचार्ज बबलू बरम ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद की सशक्त आवाज और भारतीय संस्कृति के प्रखर संवाहक थे।
उन्होंने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका बलिदान भारतीय इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है और उनकी विचारधारा आज भी करोड़ों देशवासियों को प्रेरित कर रही है।
इस अवसर पर खड़गपुर के वरिष्ठ भाजपा नेता गौतम भट्टाचार्य, मुकुल नायक, कवि, साहित्यकार एवं लेखक भवानी प्रसाद गुईन, ध्रुव खाश्वामी, कानू साहू, कैलाश पश्चिमी तथा सुमित कुंडू सहित अनेक कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अपने विचार व्यक्त किए।
वक्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रहित के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता और त्याग की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत पुण्यात्मा के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, साहस, त्याग और समर्पण का अनुपम उदाहरण है, जिसे देश कभी भुला नहीं सकता।
श्रद्धांजलि सभा का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उपस्थित होकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रति अपनी कृतज्ञता, सम्मान और श्रद्धा व्यक्त की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

