IMG 20251107 WA0040

खड़गपुर : प्रधान शिक्षकों ने रखीं शिक्षा सुधार की प्राथमिक माँगें

तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। विद्यालय प्रमुखों के संगठन का पश्चिम मेदिनीपुर जिला सम्मेलन खड़गपुर में आयोजित हुआ। यह सम्मेलन “एडवांस्ड सोसाइटी फॉर हेडमास्टर्स ऐंड हेडमिस्ट्रेसेस” के पश्चिम मिदनापुर ज़िले की दूसरी त्रिवार्षिक बैठक थी, जो खड़गपुर के रामकृष्ण विवेकानंद सोसाइटी के ऑडिटोरियम में संपन्न हुई।

सम्मेलन की शुरुआत में संगठन के ज़िला सह-अध्यक्ष सुब्रत कुमार बुड़ाई ने संगठन का ध्वज फहराया। शहीद वेदी पर माल्यार्पण और शोक प्रस्ताव पढ़ने के बाद मौन धारण किया गया। दीप प्रज्वलन के माध्यम से सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन “विद्यासागर स्टडीज ऐंड रिसर्च सेंटर” के संस्थापक संयोजक प्राणतोष बंद्योपाध्याय ने किया।

इसके बाद ईश्वरचंद्र विद्यासागर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।जिले के 21 ब्लॉकों से 150 से अधिक प्रधान शिक्षक और शिक्षिकाएँ इस सम्मेलन में उपस्थित रहीं।

राज्य अध्यक्ष हरिदास घटक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में ज़िले के विदा ले रहे सह-सचिव प्रसुन कुमार पडिया ने सचिवीय रिपोर्ट प्रस्तुत की और विदा ले रहे कोषाध्यक्ष सुमन राय ने आय-व्यय का विवरण रखा।

रिपोर्ट पर चर्चा के दौरान मिदनापुर सदर, खड़गपुर और घाटाल उपखंडों के दस प्रधान शिक्षक और शिक्षिकाओं ने भाग लिया। उन्होंने पारदर्शिता के साथ शीघ्र रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति, प्रधान शिक्षकों के वेतन विसंगति को दूर करने, गैर-शैक्षणिक कार्यों को कम करने, प्रत्येक स्कूल में डेटा एंट्री ऑपरेटर, सफाईकर्मी और रात्रि प्रहरियों की नियुक्ति जैसी माँगें रखीं।

सम्मेलन में सेवानिवृत्त प्रधान शिक्षकों और प्रधान शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। नवगठित समिति में दांतन हाई स्कूल के प्रधान शिक्षक सूर्यकांति नंद को अध्यक्ष और मौपाल देशप्राण विद्यालय के प्रधान शिक्षक डॉ. प्रसुन कुमार पडिया को सचिव चुना गया।

सम्मेलन की अध्यक्षता ज़िला सहअध्यक्ष सुब्रत कुमार बुड़ाई ने की और आयोजन का संचालन संगठन की दो अन्य ज़िला सह-अध्यक्ष स्वाति बंद्योपाध्याय और सूर्य कांति नंद ने किया।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

9 − 6 =