तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर की सक्रिय सामाजिक संस्था ‘वी-वीयन्स’ (We-Weians) ने अपनी स्थापना की 7वीं वर्षगांठ को मानवीय सेवा के संकल्प के साथ मनाते हुए छठे स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया।
संस्था की विशेष परंपरा के अनुरूप इस अवसर पर किसी भी प्रकार का मुख्य अतिथि या औपचारिक समारोह नहीं रखा गया, बल्कि पूरे आयोजन को समाज के प्रति दायित्व को समर्पित किया गया।
रक्तदान शिविर में कुल 82 यूनिट रक्त संग्रह हुआ। इसमें 13 महिला रक्तदाताओं की सक्रिय भागीदारी रही, वहीं 14 नए रक्तदाताओं ने पहली बार रक्तदान कर मानव सेवा की दिशा में प्रेरणादायक पहल की। आयोजन को सफल बनाने में अलीबा साहू, जितेन साहू, संयुक्ता घोष, कौशानी राय, सुरमी चटर्जी व रोहित पेरीवाल का सक्रिय योगदान रहा।

युवाओं और स्वयंसेवकों की उत्साहपूर्ण मौजूदगी से शिविर का माहौल सकारात्मक और ऊर्जा से भरा रहा। संस्था के सदस्यों ने बताया कि ‘वी-वीयन्स’ वर्ष भर शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता और मानवीय सहायता से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाती है और हर साल अपना वार्षिकोत्सव रक्तदान जैसे जन कल्याणकारी कार्य के माध्यम से मनाती है।
इस अवसर पर कुछ अन्य सामाजिक संस्थाओं को आमंत्रित कर उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान केवल एक कार्य नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और जीवन बचाने का सशक्त माध्यम है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



