इंदा में प्री-स्कूल के बच्चों के लिए दंत स्वास्थ्य जांच शिविर
अमितेश कुमार ओझा, खड़गपुर। बचपन में ही अच्छी आदतों की नींव रख दी जाए तो उसका असर जीवनभर दिखाई देता है। इसी सोच के साथ इंडा स्थित ग्रिफिन्स इंटरनेशनल प्री-स्कूल की शाखा में शनिवार को प्ले ग्रुप के बच्चों के लिए दंत स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को कम उम्र से ही दांतों और मुंह की साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना और नियमित दंत देखभाल की आदत विकसित करना था।
शिविर में दंत चिकित्सक डॉ. सुभाषिस मालाकार, एमडीएस ने बच्चों के दांतों की जांच की। उन्होंने बच्चों से सहज और दोस्ताना अंदाज में बातचीत करते हुए उन्हें दांतों की सही तरीके से सफाई, ब्रश करने की उचित तकनीक तथा दांतों और मसूड़ों की देखभाल के बारे में जानकारी दी।
डॉ. मालाकार ने कहा कि बच्चों में दंत स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता जितनी जल्दी विकसित की जाए, भविष्य में दांतों से जुड़ी कई समस्याओं से बचाव उतना ही आसान होगा। उन्होंने बच्चों को अत्यधिक मीठे खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने तथा संतुलित आहार लेने की सलाह दी। साथ ही समय-समय पर दंत चिकित्सक से परामर्श और नियमित दंत जांच के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
शिविर के दौरान बच्चों को डेंटल केयर किट भी प्रदान की गई, ताकि वे घर पर भी नियमित रूप से दांतों की देखभाल की आदत को जारी रख सकें।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों की प्रारंभिक दंत जांच के साथ-साथ उन्हें खेल-खेल में मौखिक स्वास्थ्य की बुनियादी जानकारी देने का प्रयास किया गया। शिक्षकों और अभिभावकों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और उपयोगी बनाया।
अभिभावकों ने बच्चों के बीच कम उम्र से ही निवारक स्वास्थ्य देखभाल और स्वच्छता संबंधी आदतों को बढ़ावा देने वाली इस पहल की सराहना की।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

