विजेता को 2.21 लाख और उपविजेता को 1.71 लाख रुपये की पुरस्कार राशि
अमितेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खेलप्रेमियों के बीच लोकप्रिय एक दिवसीय दिवा-रात्रि फुटबॉल प्रतियोगिता ‘तालबगीचा नाइट 2026’ इस वर्ष अपने 27वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। 2 अक्टूबर को तालबगीचा अस्पताल मैदान में होने वाली इस बहुप्रतीक्षित फुटबॉल प्रतियोगिता को लेकर इलाके में अभी से उत्साह का माहौल है।
खड़गपुर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष जवाहरलाल पाल ने बताया कि ‘तालबगीचा नाइट’ केवल एक फुटबॉल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि क्षेत्र की खेल परंपरा, लोगों की भावनाओं और फुटबॉल के प्रति जुनून से जुड़ा आयोजन है। वर्षों से आयोजित होती आ रही इस प्रतियोगिता ने पश्चिम मेदिनीपुर के खेलप्रेमियों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष की प्रतियोगिता स्वर्गीया ज्योतिर्मयी पाल, स्वर्गीय रमेशचंद्र पाल तथा स्वर्गीय निर्मल पाल (बाप्पा) की पवित्र स्मृति को समर्पित है। प्रतियोगिता का आयोजन संघश्री क्लब, तालबगीचा के संचालन में किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 2 लाख 21 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को 1 लाख 71 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। मैदान में विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे, वहीं बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की भी उम्मीद है।
जवाहरलाल पाल ने कहा कि तालबगीचा नाइट ने पिछले 26 वर्षों में फुटबॉल को लेकर क्षेत्र में जो उत्साह और आकर्षण पैदा किया है, वह इसकी विशेष पहचान है। 27वें वर्ष में भी प्रतियोगिता को भव्य रूप देने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने जिले के सभी खेलप्रेमियों से 2 अक्टूबर को तालबगीचा अस्पताल मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।
2 अक्टूबर को तालबगीचा अस्पताल मैदान फुटबॉल प्रेमियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा, जहां खेल, उत्साह और रोमांच का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

