तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। मानवता की सेवा की मिसाल मदर टेरेसा की जयंती पर पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशपुर ब्लॉक के शीर्षा ग्राम पंचायत अंतर्गत पारुलिया गांव में रक्तदान का महाअभियान आयोजित किया गया। पारुलिया युवा संघ की पहल पर आयोजित यह द्वितीय वार्षिक रक्तदान शिविर ग्रामीण क्षेत्र में सामाजिक सरोकार की एक उल्लेखनीय मिसाल बना।
शिविर में छह महिलाओं समेत कुल 82 लोगों ने रक्तदान किया। इनमें 20 ऐसे रक्तदाता रहे, जिन्होंने पहली बार रक्तदान किया। खास बात यह रही कि हाल ही में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले 11 युवा रक्तदाताओं ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान कर इस मानवीय अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
शिविर का उद्घाटन पारुलिया श्रीश्री निताई गौरांग आश्रम के प्रमुख प्रेमानंद बाबाजी ने किया। उन्होंने रक्तदान को ‘प्राणदान’ बताते हुए पूरे वर्ष सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के लिए पारुलिया युवा संघ की सराहना की। शीर्षा ग्राम पंचायत के प्रधान कार्तिक बनर्जी ने भविष्य में संघ के साथ खड़े रहने और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर केशपुर महाविद्यालय के अध्यापक शांतनु पांडा, समाजसेवी गौतम पाल, उत्तम कोले सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संघ की ओर से सुमन मित्र ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की मांग और अपेक्षा को ध्यान में रखते हुए शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि युवा सदस्यों ने पिछले कई दिनों से मेहनत कर इसे सफल बनाने की तैयारी की थी।
संघ के सदस्य चिन्मय पाल ने बताया कि आगामी दिनों में रक्तदान के साथ थैलेसीमिया वाहक जांच शिविर और बाल विवाह रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने की योजना है।
शिविर के आयोजन में झाड़ग्राम ब्लड बैंक के मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजिस्ट समरेश मित्र की विशेष भूमिका रही। रक्त संग्रह झाड़ग्राम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के ब्लड सेंटर प्रबंधन की ओर से किया गया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रत्येक रक्तदाता को पौधा उपहार में दिया गया। इससे रक्तदान के साथ हरियाली और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी गांव तक पहुंचा।
शिविर को लेकर पारुलिया गांव में लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे कार्यक्रम का संचालन रक्तदान आंदोलन से जुड़े कार्यकर्ता एवं केशपुर ब्लॉक के गड़सेनापत्या प्राथमिक विद्यालय के प्रधान शिक्षक स्नेहाशीष चौधरी ने किया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

