तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत केशपुर के मुगबसान मुक्त मंच पर जैसे मानवता का पर्व उतर आया। मंच पर सेवा का उत्साह, लोगों के चेहरों पर मुस्कान और चारों ओर स्नेह की लहर – मानो पूरे गाँव में करुणा का उत्सव फैल गया हो।
सुबह से शुरू हुए रक्तदान और स्वास्थ्य जाँच शिविर में कुल 73 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया – जिनमें 55 पुरुष और 18 महिलाएँ थीं। हर रक्तदान मानो जीवन की नई रेखा खींच रहा था। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 195 लोगों की नेत्र जाँच की गई।
डॉक्टरों ने इनमें से 36 जनों की आँखों में मोतियाबिंद ऑपरेशन की आवश्यकता बताई। 11 दिव्यांग व्यक्तियों के लिए कृत्रिम हाथ-पाँव की माप ली गई, ताकि उन्हें फिर से आत्मनिर्भर बनाया जा सके। वहीं 115 लोगों की दांत की जाँच भी सम्पन्न हुई।

कार्यक्रम के अंतर्गत 50 जरूरतमंदों के हाथों में गर्म वस्त्र और कंबल सौंपे गए, जिससे सर्द मौसम में उनके चेहरों पर राहत की मुस्कान खिल उठी।
इस अवसर पर केशपुर ब्लॉक अध्यक्ष प्रद्युत पांजा, पंचायत समिति अध्यक्ष चित्त रंजन गराई, क्षेत्रीय अध्यक्ष हसानुर जमान, युवा अध्यक्ष शमीम हसन, किसान सेल प्रमुख फरेस मल्लिक और रियाजुल हक जैसे कई सामाजिक नेता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई मुगबसान स्पोर्टिंग क्लब के सचिव आसिक चौधरी, टार्गेट वेलफेयर सोसाइटी के शेख मैनुल हक, और ड्रीम एजुकेशन सोसाइटी के सचिव सैयद सानियुल अख्तर ने। दीपक राय ने अध्यक्षता की, जबकि स्नेहाशीष चौधरी बाबू और शेख ताजरुल हक ने पूरे समारोह का सुंदर संचालन किया।
अंत में मुगबसान मुक्त मंच के चेयरमैन चौधरी अबुल कलाम आज़ाद ने सभी सहभागी और अतिथियों को धन्यवाद देते हुए कहा – “रक्तदान, नेत्र परीक्षण और कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण केवल चिकित्सा सेवाएँ नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची पहचान हैं। हमारी संस्था सदा समाज के हर कमजोर व्यक्ति के साथ खड़ी रहेगी।”
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



