जमशेद अली सहित 77 शहीदों को भी दी श्रद्धांजलि, समय के अभाव में कई लौटे
तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशपुर में माकपा की ओर से पार्टी नेता जमशेद अली सहित 77 शहीदों की स्मृति तथा पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। केशपुर स्थित सीपीआईएम कार्यालय जमशेद अली भवन में आयोजित शिविर में महिला-पुरुष मिलाकर कुल 108 लोगों ने रक्तदान किया।
शिविर का उद्घाटन माकपा के पूर्व जिला सचिव तरुण राय ने किया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता कॉमरेड माणिकलाल सेनगुप्ता, अहमद अली, सैयद नियामत हुसैन, विपदतारण घोष, शुभाशीष पाइन, तड़ित खाटुआ, गुरुपद मंडल सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की स्मृति को समर्पित इस आयोजन के माध्यम से पार्टी ने उनके जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े विचारों को भी याद किया। माकपा नेताओं ने कहा कि बुद्धदेव भट्टाचार्य आम लोगों के जीवन से जुड़े मुद्दों को हमेशा महत्व देते थे।
रक्तदान जैसे सामाजिक सरोकार के कार्यों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ा होना उनकी स्मृति को सम्मान देने का एक सार्थक तरीका है।
रक्तदान शिविर को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में छात्र और युवा भी रक्तदान करने पहुंचे। हालांकि, निर्धारित समय समाप्त हो जाने के कारण कई इच्छुक लोग रक्तदान नहीं कर सके और उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
आयोजकों ने बताया कि रक्तदान के प्रति लोगों के उत्साह को देखते हुए आगामी 3 दिसंबर को खुदीराम बोस की जयंती के अवसर पर फिर रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। समय के अभाव में रक्तदान नहीं कर पाने वाले कई छात्र-युवाओं को अगले शिविर में रक्तदान का अवसर देने का आश्वासन दिया गया।
केशपुर के माकपा नेतृत्व ने रक्तदान करने वाले सभी 108 रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों को बधाई दी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

