IMG 20251110 WA0010

केशपुर : मुगबासन में विकास की त्रिवेणी – शिक्षा, कृषि और स्वास्थ्य का संगम

तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर के केशपुर प्रखंड के मुगबासन ग्राम में टार्गेट वेलफेयर सोसाइटी के सौजन्य से एक बहुरंगी और बहुआयामी कार्यक्रम का आगाज हुआ। सुबह की सुनहरी किरणों संग जब राष्ट्रीय ध्वज और संस्था का ध्वज फहराया गया, तब पूरा परिसर देशभक्ति के मधुर स्वरों में गूंज उठा।

इस विशेष अवसर पर एक साथ कई कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। “मेधा चयन परीक्षा 2025” का परिणाम व पुरस्कार वितरण समारोह, कृषि जागरूकता सभा एवं कृषि उपकरण वितरण और साथ ही “टार्गेट वेलनेस एंड फिटनेस हब” का शुभारंभ।

यह दिवस ज्ञान, श्रम और स्वास्थ्य; तीनों का संगम बन गया। मेधा चयन परीक्षा, जो अब अपने नवम वर्ष में प्रवेश कर चुकी है, में कुल 2536 प्रतिभागियों ने पश्चिम मेदिनीपुर और हुगली जिलों के 16 केंद्रों पर अपनी मेधा का परिचय दिया।

समारोह में विभिन्न श्रेणियों के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त छात्रों को आमंत्रित अतिथियों के कर-कमलों द्वारा प्रमाणपत्र एवं सम्मान भेंट किए गए।इसके पश्चात आरंभ हुई कृषि उन्नयन पर केंद्रित सभा, जहाँ वक्ताओं ने बताया कि आधुनिक तकनीक आधारित खेती ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बना सकती है।

किसानों को उन्नत बीज, सुलभ कृषि यंत्र और टिकाऊ खेती के उपायों की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। अंत में स्थानीय कृषकों को कृषि उपकरण वितरण किया गया, जिससे उनके चेहरों पर प्रसन्नता की उजली रेखाएँ खिंच आई।

द्वितीय सत्र में “टार्गेट वेलनेस एंड फिटनेस हब” का मुगबासन अंचल में स्वास्थ्य और फिटनेस चेतना की नई किरण का उद्घाटन हुआ। वक्ताओं ने कहा, यह केंद्र ग्रामीण युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो समाज में नई ऊर्जा का संचार करेगा।

इस अवसर पर प्रख्यात शोधकर्ता एवं प्रोफेसर डॉ. शांतनु पांडा, पश्चिम मेदिनीपुर जिला विज्ञान मंच के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. दिलीप चक्रवर्ती तथा मुगबासन ग्राम पंचायत की प्रमुख रौशनारा बेगम उपस्थित थे। समाजसेवी, शिक्षक, कृषक, अभिभावक और अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह को गौरवान्वित किया।

संगठन के अध्यक्ष ने अपने प्रेरक वक्तव्य में कहा – “हमारा उद्देश्य है शिक्षा, कृषि और स्वास्थ्य; इन तीनों के समन्वय से समाज के सर्वांगीण विकास की दिशा में अग्रसर होना।”

कार्यक्रम के अंतिम चरण में देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समूचे माहौल को जीवंत कर दिया। स्थानीय कलाकारों ने अपनी कला से उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया। संपूर्ण आयोजन टार्गेट वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों की निष्ठा, परिश्रम और समर्पण से सफलता के शिखर पर पहुँचा।

क्षेत्रीय अध्यक्ष शेख हसनुर ज़मान, युवा अध्यक्ष शमीम हसन तथा शिक्षक स्नेहाशीष चौधरी के संचालन में यह आयोजन मुगबासन और केशपुर अंचल के सामाजिक चेतना इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित हो गया।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

eighteen − five =