तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। खड़गपुर महकमा के केशियाड़ी स्थित नछीपुर आदिवासी हाई स्कूल में पश्चिम बंगाल विज्ञान मंच के केशियाड़ी विज्ञान केंद्र की ओर से आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विज्ञान प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। करीब 150 छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों की उपस्थिति से कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
समारोह में विज्ञान मंच के जिला नेतृत्व का प्रतिनिधित्व करते हुए डॉ. दिलीप चक्रवर्ती, पुलक पात्र और श्रीमंत कुमार पानी उपस्थित रहे। वहीं केशियाड़ी विज्ञान केंद्र की ओर से गौरीपद जना, पूर्णचंद्र दंडपाट, शिवशंकर पहाड़ी, बिप्लब पात्र, अश्विनी दे और पंकज जना समेत अन्य विज्ञानकर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
इस अवसर पर विज्ञान केंद्र स्तर की प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही नछीपुर आदिवासी हाई स्कूल के अभीक्षा केंद्र स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। माध्यमिक तथा प्राथमिक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को भी विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल विज्ञान मंच की स्थापना के 40 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वर्षभर आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों और जनजागरण अभियानों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई।
वक्ताओं ने विज्ञान के प्रसार और वैज्ञानिक सोच को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए सभी विज्ञानकर्मियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

