केंद्रीय विद्यालय सालबनी ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम में लगाईं हैट्रिक

मेदिनीपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय रि.बैं.नो.मु. सालबनी ने सीबीएसई दसवीं तथा बारहवीं बोर्ड परीक्षा में इस वर्ष भी अपना परचम लहराया। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। बारहवीं बोर्ड परीक्षा में विद्यालय ने कोलकाता संभाग के कुल 64 केन्द्रीय विद्यालयों में 85.83 % के साथ प्रथम स्थान तथा दसवीं बोर्ड परीक्षा में 81.55 पी आई के साथ द्वितीय स्थान अर्जित किया।

इसके साथ ही विद्यालय सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणामों में लगातार तीसरे वर्ष पूरे संभाग में शिखर पर रहा। बारहवीं विज्ञान की छात्रा तृषा धावा 95.83 प्रतिशत तथा वाणिज्य के छात्र लोकेश घोष 94.67 प्रतिशत के साथ अपने-अपने वर्ग में प्रथम रहे। विद्यालय ने सभी विषयों में 81.25 से अधिक पी आई हासिल किया। प्राचार्य, शिक्षकों, अभिभावकों तथा बच्चो की मेहनत ऐसा रंग लाई कि सभी के चेहरे खिल उठे।

कुल 21 बच्चों ने 12वीं बोर्ड परीक्षा दी तथा सभी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। सभी बच्चों का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। शारीरिक शिक्षा में तृषा धावा ने शत प्रतिशत अंक हासिल कर न सिर्फ विद्यालय का बल्कि पूरे संभाग का गौरव बढ़ाया। लगभग सभी विषयों केपीआई गत वर्ष के प्रदर्शन से बेहतर रहे। जीव विज्ञान का पीआई 90.63, भौतिक विज्ञान का 90, अर्थशास्त्र का 89.58, संगणक विज्ञान का 87.50, हिन्दी का 87.50, गणित का 85.83, शा॰ शिक्षा का 84.82, अंग्रेजी का 82.74, बिजनिस स्टडीज का 81.25,अकाउंट्स का 81.25 तथा रसायन विज्ञान का 74.21 पी आई रहा।

कक्षा दसवीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में भी विद्यालय का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। मास्टर देवांश बिष्ट 97.83 प्रतिशत के साथ प्रथम स्थान पर रहे। कुल 55 बच्चों ने दसवीं बोर्ड की परीक्षा दी, जिनमें से 19 बच्चों ने 90 प्रतिशत से अधिक तथा 33 बच्चों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। मास्टर देवांश बिष्ट तथा श्रीनिता पात्रा ने गणित में शत प्रतिशत अंक प्राप्त कर विशिष्ट उपलब्धि हासिल की। दसवीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में संस्कृत का पीआई 95.14, सामाजिक विज्ञान का 89.09, अंग्रेजी का 81.82, आई टी का 81.14, हिन्दी 79.05, विज्ञान का 78.41 तथा गणित का 70.28 रहा।

परीक्षा का परिणाम विद्यालय परिवार से जुड़े समस्त सदस्यों के लिए अत्यंत उत्साहवर्धक रहा। वर्षभर किए गए सतत परिश्रम का ऐसा फल प्राप्त कर सभी गौरवान्वित हैं। प्राचार्य श्री शिव लाल सिंह ने सभी शिक्षकों तथा परीक्षार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम दर्शाता है कि हमने सही दिशा में पूरी लगन से सतत परिश्रम किया। ऐसे उत्कृष्ट परिणाम तभी प्राप्त होते हैं जब पूरा विद्यालय परिवार एकजुट होकर निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति हेतु एकनिष्ठ भाव से कार्यरत रहें।

प्राचार्य ने यह भी कहा कि पिछली बोर्ड परीक्षा में सर्वोत्कृष्ट परिणाम हासिल करने के पश्चात पूरे संभाग की नजरें हम पर थीं। हम सभी की उम्मीदों पर सिर्फ खरे ही नहीं उतरे बल्कि हमने यह साबित कर दिया कि हम इससे भी ऊंची छलांग लगाने में सक्षम हैं। साथ ही प्राचार्य ने यह भी भरोसा दिलाया कि आने वाले वर्षों में विद्यालय अपने प्रदर्शन में उत्तरोत्तर वृद्धि करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *