खड़गपुर। झाड़ग्राम थाना के रघुनाथपुर के 32 वर्षीय मंगल महतो ने इस साल जनवरी में अपनी पत्नी को खो दिया था। उनकी पत्नी सोनाली महतो की झाड़ग्राम अस्पताल में पेट दर्द के कारण मृत्यु हो गई थी। मंगल ने पत्नी की मृत्यु के बाद एलआईसी कार्यालय की झाड़ग्राम शाखा में डेथ क्लेम के सभी दस्तावेज जमा किए थे, लेकिन कई बार बीमा कार्यालय जाने के बावजूद कोई लाभ नहीं हुआ।
झाड़ग्राम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सफलता की कहानियों को सोशल मीडिया पर देखने के बाद मंगल ने “अधिकार मित्र” रीता दास दत्ता से संपर्क किया। रीता के माध्यम से झाड़ग्राम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव और न्यायाधीश रिहा त्रिवेदी को लिखित आवेदन दिया गया। आवेदन के आधार पर प्री-लिटिगेशन मामला दर्ज किया गया और बीमा प्राधिकरण को नोटिस भेजा गया।
मामले की सुनवाई से एक दिन पहले मंगल ने बैंक जाकर पासबुक अपडेट किया और देखा कि पत्नी के क्लेम की 1,63,567 रुपये की राशि उनके बैंक खाते में जमा हो गई है। मंगलवार को न्यायाधीश ने मामले का निपटारा कर दिया।

मंगल ने बताया कि उनकी चार साल की एक छोटी बेटी है। पत्नी के क्लेम की राशि पाने के लिए उन्होंने कई बार एलआईसी की झाड़ग्राम शाखा कार्यालय का दौरा किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
सोशल मीडिया पर झाड़ग्राम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की मुफ्त सेवाओं को देखकर उन्होंने “अधिकार मित्र” से संपर्क किया और अब लगभग आठ महीने की समस्या का समाधान आवेदन करने के एक महीने के भीतर हो गया। मंगल ने बताया कि वह इस राशि को अपनी बेटी की उच्च शिक्षा के लिए जमा करना चाहते हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



