तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। झाड़ग्राम जिला अंतर्गत गोपीबल्लभपुर-2 प्रखंड स्थित खाड़बांधी ग्रामीण अस्पताल में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने तथा मरीजों के लिए बेड की व्यवस्था करने की मांग को लेकर विभिन्न कुड़मी संगठनों के प्रतिनिधियों ने पश्चिम बंगाल सरकार के मत्स्य एवं पशु संसाधन विकास मंत्री एवं गोपीबल्लभपुर के विधायक राजेश महतो को ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि खाड़बांधी तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग लंबे समय से पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में परेशान हैं। अस्पताल में चौबीसों घंटे चिकित्सा सेवा उपलब्ध नहीं होने और मरीजों के लिए बेड की व्यवस्था न होने से लोगों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन के माध्यम से इन सुविधाओं को शीघ्र शुरू करने की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान आदिवासी नेगाचारी कुड़मी समाज संगठन के प्रतिनिधि एवं कुड़मी भाजपा गठबंधन के क्षेत्रीय अध्यक्ष जयंत महतो, आदिवासी कुड़मी समाज, झाड़ग्राम के जिला सचिव सर्वजीत महतो, आदिवासी कुड़मी समाज, गोपीबल्लभपुर-2 प्रखंड के अध्यक्ष जयंत महतो तथा विभिन्न संगठनों के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार आम जनता की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगी और खाड़बांधी ग्रामीण अस्पताल में आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएंगी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

