तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। मानवीय दृष्टिकोण से दिवंगत प्रवासी श्रमिक सजल महतो के परिवार को वित्तीय सहायता प्रदान करने की मांग को लेकर जंगलमहल स्वराज मोर्चा की ओर से आज झाड़ग्राम ज़िले के जिलाधिकारी के माध्यम से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के नाम एक लिखित आवेदन भेजा गया।
दिवंगत सजल महतो, पिता रहिन महतो, झाड़ग्राम ज़िले के सांकराइल थाना अंतर्गत पाथरा गाँव के निवासी थे। लगभग 20 वर्षीय यह युवक हाल ही में आजीविका की तलाश में बैंगलोर गया था, जहाँ वह टाइल्स हेल्पर के रूप में कार्यरत था।दुर्भाग्यवश, 3 नवम्बर (सोमवार) को कार्यस्थल पर एक दर्दनाक दुर्घटना में उसकी मृत्यु हो गई।
ठेकेदार की पहल पर उसका पार्थिव शरीर 5 नवम्बर (बुधवार) को परिवार के पास पहुँचाया गया। मोर्चा के नेताओं का कहना है कि इस आकस्मिक मृत्यु के कारण गरीब परिवार पर गंभीर आर्थिक संकट आ पड़ा है।

ऐसी परिस्थिति में जंगलमहल स्वराज मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष अशोक महतो ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से आग्रह किया है कि मानवीय आधार पर दिवंगत सजल महतो के परिवार को राज्य सरकार की ओर से वित्तीय सहायता एवं अनुदान प्रदान किया जाए।
उन्होंने कहा कि जंगलमहल स्वराज मोर्चा का विश्वास है कि राज्य सरकार इस दुखद घटना को संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण से देखते हुए शीघ्र सहायता प्रदान करेगी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



