IMG 20250715 WA0025

जंगल महल : प्रशिक्षण से प्राप्त प्रशासनिक कौशल का उपयोग कर सिविक वॉलेंटियर ने बचाई किशोरी की जान

तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। सिविक वॉलेंटियर जयंत महतो ने अपने प्रशिक्षण से प्राप्त पेशेवर कौशल का उपयोग कर एक किशोरी की जान बचाई। जब 14 वर्षीय किशोरी को विषाक्तता के कारण नयाग्राम सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी स्थिति बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे तत्काल बेहतर इलाज के लिए टाटानगर रेफर कर दिया।

परिवार उसे कार से टाटानगर ले जा रहा था, लेकिन रास्ते में किशोरी को कार्डियो-रेस्पिरेटरी जटिलता हुई और वह बेहोश हो गई। परिवार उसे चांदाबिला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले आया, जहां ड्यूटी पर तैनात सिविक वॉलेंटियर जयंत महतो ने किशोरी की स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल सीपीआर लगाया।

जयंत महतो ने 29 अप्रैल, 2023 को खड़िकामाथानी सीआरपीएफ कैंप में आयोजित सीपीआर और प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण के आधार पर कार्रवाई की। यह प्रशिक्षण सेंट जॉन्स एम्बुलेंस (खड़गपुर) के सहयोग से और तत्कालीन एसडीपीओ गोपीबल्लभपुर कृष्ण गोपाल मीना के निर्देशन में हुआ था।

सिविक वॉलेंटियर जयंत महतो की त्वरित और कुशल कार्रवाई से किशोरी को होश आया। इसके बाद उन्होंने मरीज के लिए एक एंबुलेंस की व्यवस्था की, क्योंकि उसे निरंतर ऑक्सीजन की आवश्यकता थी। मरीज और उसके परिवार के सदस्य चांदबिला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से एंबुलेंस से टाटानगर के लिए रवाना हुए और जयंत महतो के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

इस घटना ने साबित कर दिया कि उचित प्रशिक्षण और समय पर कार्रवाई कई बार जीवन बचा सकती है। सिविक वॉलेंटियर जयंत महतो की भूमिका से स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग खुश हैं।

रविवार को सिविक वॉलेंटियर जयंत महतो को नयाग्राम थाने की ओर से पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार गोपीबल्लभपुर के एसडीपीओ परवेज सरफराज और नयाग्राम थाने के आईसी सुदीप घोषाल ने दिया।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

11 − 10 =