जलपाईगुड़ी | 21 सितंबर 2025 : रविवार सुबह जलपाईगुड़ी के NH-31C राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सेब से भरी लॉरी अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना के समय लॉरी हिमाचल प्रदेश से सिलीगुड़ी की ओर जा रही थी। राहत की बात यह रही कि कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ, लेकिन सड़क पर सेब बिखर जाने से ट्रैफिक कुछ देर के लिए बाधित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तड़के तीन बजे सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजगंज ब्लॉक के बंधुनगर इलाके से लॉरी गुजर रही थी, तभी अचानक लॉरी का टायर ब्लास्ट हो गया।
जिससे चालक लॉरी पर से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते लॉरी सड़क किनारे पलट गई और उसमें लदा सेब इधर-उधर बिखर गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर चालक और सह चालक को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाया।
इस बीच दुर्घटना की खबर मिलते ही भोरेर आलो थाना पुलिस और फूलबाड़ी राजमार्ग यातायात चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त लॉरी को रेस्क्यू कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

