संवाद सूत्र, खड़गपुर। खेल के साथ पशु और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देने के उद्देश्य से पूर्व मेदिनीपुर जिले के खेजुरी में एक अभिनव फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। केयर ऑफ खेजुरी के तत्वावधान में खेजुरी कॉलेज, एपीपी क्लब और शारीरिक शिक्षा विभाग के सहयोग से अंतरमहाविद्यालयीन वीगन फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित हुई।
“आवेश के साथ खेलें, सहानुभूति के साथ जिएं” संदेश को केंद्र में रखकर आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने मैदान पर खेल भावना का प्रदर्शन करने के साथ ही पशु कल्याण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
आयोजकों के अनुसार, खेल को सामाजिक जागरूकता से जोड़ते हुए लोगों के बीच पशु-क्रूरता मुक्त और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य था।
कार्यक्रम में खेजुरी कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. गौतम दंडपाठ, डॉ. कुंतल ठाकुर सहित कॉलेज के अन्य अध्यापक-अध्यापिकाएं तथा गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। केयर ऑफ खेजुरी की ओर से संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष शुभ्रजीत पंडा मौजूद रहे।
आयोजन के दौरान खेजुरी कॉलेज को एक वीगन फुटबॉल भी भेंट किया गया। इसके साथ ही प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों, अतिथियों और उपस्थित लोगों के लिए पूरी तरह पौध-आधारित जलपान की व्यवस्था की गई।
आयोजकों ने कहा कि यह आयोजन केवल फुटबॉल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं था, बल्कि खेल के माध्यम से समाज में प्राणियों के प्रति करुणा, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और अहिंसक जीवनशैली का संदेश पहुंचाने का प्रयास था। खेजुरी में आयोजित यह पहल खेल और सामाजिक सरोकारों के समन्वय का एक अनूठा उदाहरण बनी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

