संवाद सूत्र, खड़गपुर। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत संचालित चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के अंतर्गत मेदिनीपुर कॉलेज (स्वायत्त) में 2026-27 सत्र के नवागत छात्रों के लिए आज इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम विवेकानंद सभागार, मुख्य सेमिनार हॉल और पूर्व छात्र भवन के सेमिनार हॉल में हुआ।
कॉलेज के प्रातः एवं दिवा विभागों के लगभग 1,400 छात्र-छात्राओं ने बारिश के बावजूद उत्साहपूर्वक भाग लिया। दीप प्रज्वलन और ‘वंदे मातरम्’ से कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
शिक्षकों, लाइब्रेरियन और शिक्षाकर्मियों ने छात्रों को चार वर्षीय पाठ्यक्रम, सेमेस्टर प्रणाली, पुस्तकालय सुविधाओं तथा कॉलेज के नियमों की जानकारी दी। वरिष्ठ छात्रों ने भी नवागतों का स्वागत किया।
प्राचार्य डॉ. असीत पंडा ने कहा कि इंडक्शन कार्यक्रम का उद्देश्य नए छात्रों को कॉलेज के वातावरण से परिचित कराना और उन्हें सहज बनाना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के कई सकारात्मक पहलू हैं, हालांकि इसका प्रभावी क्रियान्वयन चुनौतीपूर्ण है।
उन्होंने विश्वास जताया कि मेदिनीपुर कॉलेज सभी चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करेगा तथा छात्रों से जिम्मेदार नागरिक बनने और संस्थान की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

