पितरों को मोक्ष दिलाती है इंदिरा एकादशी
वाराणसी। इस वर्ष आश्विन कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि 16 सितंबर मंगलवार देर रात 12 बजकर 23 मिनट पर प्रारंभ होगी और 17 सितंबर बुधवार रात 11 बजकर 40 मिनट पर समाप्त होगी। चूँकि सूर्योदय व्यापिनी एकादशी तिथि 17 सितंबर बुधवार को है, इसलिए इस वर्ष आश्विन कृष्ण पक्ष की इंदिरा एकादशी का व्रत 17 सितंबर 2025, बुधवार को मनाया जाएगा। एक वर्ष में सामान्यतः 24 एकादशी होती हैं, परंतु प्रत्येक तीन वर्ष में एक बार अधिकमास (मलमास) आने पर इनकी संख्या बढ़कर 26 हो जाती है।
इंदिरा एकादशी का पारण 18 सितंबर, गुरुवार की सुबह किया जाएगा। पारण के बाद किसी जरूरतमंद व्यक्ति या ब्राह्मण को भोजन कराकर मिष्ठान, दक्षिणा आदि यथाशक्ति दान करें। इस दिन दान करने वाला व्यक्ति सभी पापों का नाश कर परमपद प्राप्त करता है।
पितृपक्ष के दौरान आने वाली यह एकादशी पितरों को मोक्ष दिलाने वाली मानी जाती है। धर्मग्रंथों के अनुसार, इंदिरा एकादशी पर व्रत करने से न केवल पितरों का उद्धार होता है, बल्कि नर्क में भोग रहे पितरों को स्वर्ग की प्राप्ति होती है। यह व्रत भगवान विष्णु और पितरों का आशीर्वाद पाने के लिए किया जाता है।
इंदिरा एकादशी पापों को नष्ट करने वाली तथा पितरों को अधोगति से मुक्ति दिलाने वाली मानी जाती है। इससे जीव के सभी प्रकार के पाप समाप्त हो जाते हैं। एकादशी व्रत से व्रती को अश्वमेध यज्ञ, जप, तप और तीर्थ स्नान-दान से भी कई गुना अधिक शुभ फल प्राप्त होता है।
व्रत करने वाले को अपने चित्त, इंद्रियों और व्यवहार पर संयम रखना आवश्यक है। यह व्रत जीवन में संतुलन बनाए रखना सिखाता है। जो व्यक्ति अर्थ और काम से ऊपर उठकर धर्म के मार्ग पर चलता है, वह मोक्ष की प्राप्ति करता है।
यह व्रत पुरुष और महिलाएँ दोनों कर सकते हैं। कोरोना महामारी के चलते घर में ही स्नान और पूजन करें तथा आसपास के जरूरतमंद व्यक्तियों या ब्राह्मणों को दान दें।
एकादशी व्रत की पूजा विधि : शारीरिक शुद्धता के साथ मन की पवित्रता का ध्यान रखें। एकादशी व्रत के नियमों का पालन दशमी तिथि से ही प्रारंभ कर देना चाहिए। दशमी को सात्विक भोजन ग्रहण कर अगले दिन एकादशी पर प्रातः जल्दी उठें, शुद्ध जल से स्नान करें और सूर्य देव को अर्घ्य देकर व्रत का संकल्प लें।
पति-पत्नी संयुक्त रूप से लक्ष्मी नारायण जी की उपासना करें। पूजा घर या किसी शुद्ध स्थान पर साफ चौकी पर श्री गणेश और भगवान लक्ष्मी नारायण की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें। इसके बाद पूरे स्थान एवं चौकी पर गंगाजल या गोमूत्र से शुद्धिकरण करें।
चौकी पर चाँदी, ताँबे या मिट्टी के कलश में जल भरकर नारियल रखकर कलश स्थापना करें। उसमें उपस्थित देवी-देवताओं, नवग्रहों, तीर्थों, योगिनियों और नगर देवता की पूजा करें। फिर संकल्प लेकर वैदिक मंत्रों और विष्णु सहस्रनाम से भगवान लक्ष्मी नारायण सहित सभी स्थापित देवताओं की षोडशोपचार पूजा करें।
इसमें आवाहन, आसन, पाद्य, अर्घ्य, आचमन, स्नान, वस्त्र, सौभाग्य सूत्र, चंदन, रोली, हल्दी, सिंदूर, दुर्वा, बिल्वपत्र, आभूषण, पुष्प-हार, सुगंध, धूप-दीप, नैवेद्य, फल, पान, तिल, दक्षिणा, आरती, प्रदक्षिणा और मंत्र पुष्पांजलि सम्मिलित करें। व्रत की कथा स्वयं करें या सुनें फिर प्रसाद वितरण कर पूजन संपन्न करें।
एकादशी के दिन “ॐ नमो वासुदेवाय” मंत्र का जाप करना चाहिए। हिंदू धर्म में यह व्रत केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी माना गया है। यह व्रत भगवान विष्णु की आराधना को समर्पित है, जो मन को संयम सिखाता है और शरीर को नई ऊर्जा प्रदान करता है।
एकादशी पर विशेष ध्यान देने योग्य बातें :
इस दिन तामसिक भोजन का सेवन न करें। ब्रह्मचर्य का पालन करें।
शराब और अन्य नशीली वस्तुओं से दूर रहें। व्रत के दौरान दाढ़ी, मूंछ, बाल और नाखून न काटें। पूजा करते समय बेल्ट, चप्पल-जूते या चमड़े की वस्तुएँ न पहनें। काले रंग के कपड़े पहनने से बचें। किसी का दिल दुखाना सबसे बड़ी हिंसा मानी जाती है; गलत कार्य भविष्य पर भी दुष्प्रभाव डालते हैं।
ज्योतिर्विद रत्न वास्तु दैवज्ञ
पंडित मनोज कृष्ण शास्त्री
मो. 99938 74848
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

