सिलीगुड़ी, 03 मार्च 2026: नेपाल में 5 मार्च को होने वाले आम चुनाव को ध्यान में रखते हुए मंगलवार से पश्चिम बंगाल से लगी भारत-नेपाल सीमा 72 घंटे के लिए पूरी तरह बंद कर दी गई है। पानीटंकी सीमा पर आवागमन रोक दिया गया है।
इस दौरान दोनों देशों के नागरिकों का आना-जाना और व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी।
केवल आपातकालीन सेवाएं जारी
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि छह मार्च की सुबह से सीमा पर आवाजाही फिर से सामान्य हो जाएगी। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं के तहत एम्बुलेंस सेवा चालू रखी गई है।

व्यापार पर असर
पानीटंकी सीमा का व्यापार मुख्य रूप से नेपाल के नागरिकों पर निर्भर है। सीमा बंद होने से स्थानीय कारोबार पर असर पड़ना तय है।
पानीटंकी व्यापारी समिति के सचिव दीपक चक्रवर्ती ने कहा: “सीमा बंद होने से व्यापार में नुकसान तो होगा, लेकिन अन्य बार की तुलना में इस बार नुकसान कम रहने की संभावना है। होली के कारण पहले से ही बाजार में मंदी का माहौल है।”
फंसे नागरिकों की परेशानी
सीमा बंद होने के पहले दिन ही दोनों देशों के कई नागरिक बॉर्डर पर फंस गए, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। नेपाल में चुनाव और नई सरकार के गठन को लेकर सीमा क्षेत्र के व्यापारी भी नजर बनाए हुए हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



