खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत रेल नगरी खड़गपुर समेत जंगल महल के विभिन्न भागों में स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उल्लास के साथ मनाया गया। आज दासपुर स्थित सोनामुई क्षीरोदामयी बालिका विद्यालय ने अपने स्वर्ण जयंती वर्ष में 79वें स्वतंत्रता दिवस को एक अनोखे तरीके से मनाया।
सुबह प्रधानाध्यापिका जयश्री बसु ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिससे स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत हुई। शहीद स्मारक पर माल्यार्पण, राष्ट्रीय गीत के साथ ड्रम बजाकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देने के साथ प्रातःकालीन कार्यक्रम का समापन हुआ।
इसके बाद विद्यालय में 50वें वर्ष के उपलक्ष्य में 50 पौधे लगाए गए। फिर एक चर्चा सत्र और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विशिष्ट अतिथि घाटाल के महकमा शासक सुमन बिश्वास ने छात्राओं को क्रांतिकारी जीवन जीने और जिम्मेदारी के साथ कुछ करने की सलाह दी। सेवानिवृत्त सहायक प्रधानाध्यापक राधारमण पाल ने भी अपने विचार साझा किए।

विद्यालय की छात्राओं ने गीत, कविता पाठ और नृत्य पेश किया। इस दौरान छात्राओं के लिए रक्त समूह परीक्षण और स्वास्थ्य जांच भी की गई। अंत में एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें “वीर गाथा में अग्नियुग के मेदिनीपुर” विषय पर ऑडियो-विजुअल इंटरैक्टिव सत्र का आयोजन किया गया।
15 छात्राओं ने सही उत्तर देकर पुरस्कार जीते। स्वर्ण जयंती वर्ष समारोह समिति के संयुक्त सचिव अजित मंडल ने सभी को बधाई दी और समारोह को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए धन्यवाद दिया।
दूसरी ओर 232 (एम) बटालियन सालबोनी में 79वाँ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया और वृक्षारोपण अभियान भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्यालु एस. महाराणा कमांडेंट, 232 बटालियन, जी.एल. भूटिया (द्वितीय कमान), रवीना मलिक (उप कमांडेंट), डॉ. रोहिणी चौधरी, जूली डैनियल (सहायक कमांडेंट), आलोक मंडल (सहायक कमांडेंट) और 232 (महिला) बटालियन सीआरपीएफ के जवान उपस्थित थे।
खड़गपुर के सेरसा स्टेडियम में रेल महकमे का स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया जहां मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडेय समेत तमाम अधिकारी उपस्थित रहे।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



