कोलकाता | 16 जनवरी 2026: समाज के प्रति अपनी मानवीय जिम्मेदारी निभाने का सशक्त उदाहरण पेश करते हुए ऑल इंडिया इनकम टैक्स एससी/एसटी एम्प्लॉइज वेलफेयर एसोसिएशन (ITSEWA) की पश्चिम बंगाल इकाई ने राजधानी कोलकाता में कई सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों का आयोजन किया। आयकर भवन, पूर्वा बिल्डिंग में आयोजित इस कार्यक्रम की मूल भावना थी—“समाज के साथ खड़े रहना और मानवीय प्रतिबद्धता निभाना।”
भावुक कर गया क्षण
कड़ाके की ठंड के बीच दिन-रात निष्ठा से ड्यूटी निभाने वाले आयकर भवन के सुरक्षा कर्मियों और सहायक कर्मचारियों के सम्मान में उन्हें गर्म शीत वस्त्र प्रदान किए गए।
प्रतिकूल मौसम में भी निस्वार्थ भाव से सेवाएं देने वाले इन कर्मचारियों के प्रति आभार जताते हुए यह पहल की गई, जिसने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया।

शिक्षा के क्षेत्र में भी योगदान
आईटीएसईडब्ल्यूए की सामाजिक जिम्मेदारी केवल शहर तक सीमित नहीं रही। दक्षिण 24 परगना जिले के कुलतली क्षेत्र स्थित माँ शारदा विद्यामंदिर स्कूल को शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘उत्कर्षे आरोहण’ सामाजिक संस्था के माध्यम से एक लाख रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
आयोजन से जुड़े अधिकारियों का मानना है कि यह सहायता न केवल स्कूल के संसाधनों को बेहतर बनाएगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की शिक्षा में भी अहम भूमिका निभाएगी।
जरूरतमंदों तक पहुंची राहत
इसके अलावा ‘बिहान’ चैरिटेबल संस्था के सहयोग से दक्षिण 24 परगना के संकीजहान गांव में जरूरतमंद और वंचित परिवारों के बीच शीत वस्त्र और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री वितरित की गई। सर्दियों के मौसम में यह सहायता कई परिवारों के लिए राहत और सहारे का माध्यम बनी।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी
इस मानवीय कार्यक्रम में आयकर विभाग की मुख्य आयुक्त श्रीमती जी. जी. कामेई, जसदीप सिंह और एच. एन. सिंह उपस्थित रहे। ITSEWA पश्चिम बंगाल इकाई के महासचिव सुदीप मजूमदार, ‘उत्कर्षे आरोहण’ के प्रतिनिधि लक्ष्मी नारायण दास और ‘बिहान’ एनजीओ के प्रतिनिधि सौमेन दास भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
आगे भी जारी रहेंगी सामाजिक पहल
आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी समाज के पिछड़े और जरूरतमंद वर्गों के साथ खड़े रहकर शिक्षा, स्वास्थ्य और मानवीय सहायता से जुड़े ऐसे सामाजिक कार्यक्रम लगातार जारी रखे जाएंगे।
ITSEWA का यह प्रयास यह संदेश देता है कि सरकारी सेवा के साथ-साथ समाज के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।







