खड़गपुर। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर तहसील के नारायणगढ़ स्थित स्थानीय प्राथमिक विद्यालय में वाटर प्यूरीफायर परियोजना का उद्घाटन किया गया।
सामाजिक दायित्व और जनसेवा की भावना से प्रेरित इस पहल के माध्यम से विद्यालय के छात्रों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
विद्यालय प्रशासन के अनुरोध पर समाजसेवी परिवार की ओर से यह वाटर प्यूरीफायर उपलब्ध कराया गया। उद्घाटन समारोह में विद्यालय की ग्राम शिक्षा समिति के सदस्य, प्रभारी शिक्षक तरुण आदक तथा परियोजना के सहयोगी अभिजीत पड़िया एवं अंजलि पड़िया उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। शुद्ध पेयजल की यह व्यवस्था बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और नियमित अध्ययन में सहायक सिद्ध होगी।
परियोजना से जुड़े प्रसून कुमार पड़िया ने बताया कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण से जुड़े विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों को साथ लेकर सेवा और जागरूकता के ऐसे प्रयास भविष्य में भी किए जाते रहेंगे।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

