IMG 20251221 WA0024

शब्द, शंख और शालपत्र की महक में- गोपीबल्लभपुर में ‘भाँगन’ और ‘शंखाजान’ का आलोकित अवतरण

तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। झाड़ग्राम ज़िले के गोपीबल्लभपुर स्थित व्योम-नीलिमा सरस्वती मंदिर पुस्तकालय प्रांगण में एक अत्यंत विशिष्ट एवं सौंदर्यपूर्ण साहित्यिक समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आरंभ आत्मीय मध्याह्न भोज से हुआ, तत्पश्चात श्रोताओं का गुलाब-चंदन से अभिनंदन किया गया और दीप प्रज्वलन के माध्यम से मंगलाचरण संपन्न हुआ। इसके उपरांत छह छात्राओं के शंखनाद के बीच शालपत्र में आवृत पत्रिकाओं का विधिवत लोकार्पण किया गया।

इस अवसर पर प्रमीश प्रतिम पांजा के संपादन में प्रकाशित ‘भाँगन’ पत्रिका के द्वादश वार्षिक अंक तथा सैकत अली सा के संपादन में प्रकाशित ‘शंखाजान’ पत्रिका के तृतीय वर्ष के “कवि एवं कविता” विषयक विशेषांक का प्रकाशन किया गया। लोकार्पण समारोह के दौरान पाँच विशिष्ट कवियों एवं साहित्यकारों को विविध स्मृति सम्मानों से अलंकृत किया गया।

‘भाँगन’ पत्रिका की ओर से कथासाहित्यकार मणिशंकर को उपन्यास ‘सुजन बाउरा’ के लिए “शशधर पांजा स्मृति सम्मान -2025”, ‘पूर्व’ पत्रिका के संपादक रणजीत अधिकारी को “पार्वती पांजा स्मृति सम्मान–2025”, तथा काव्यग्रंथ ‘हरिणबागान’ के लिए कवि पल्लव गोस्वामी को “झरना रानी स्मृति सम्मान–2025” प्रदान किया गया।

वहीं ‘शंखाजान’ पत्रिका की ओर से शोधग्रंथ ‘बृहत्तर नारायणगढ़’ के लिए शोधकर्ता अरुण भट्टाचार्य को “शोधकर्ता उपेन्द्रनाथ पात्र स्मृति सम्मान-2025” तथा काव्यग्रंथ ‘डुलुंग पारेर मेयेटि’ के लिए कवि उज्ज्वल गराई को “कवि अशोक महांति स्मृति सम्मान-2025” से सम्मानित किया गया।

इस गरिमामय आयोजन में नृत्यांगना मंजुश्री दास ने भावपूर्ण रवीन्द्र नृत्य की प्रस्तुति दी, जबकि कवि उज्ज्वल गराई ने सुमधुर गीतों से वातावरण को संगीतमय बना दिया। पुरुलिया, बाँकुड़ा, नदिया, बर्धमान, पश्चिम मेदिनीपुर एवं झाड़ग्राम ज़िलों से पधारे विशिष्ट कवियों ने काव्य-पाठ कर साहित्यिक रसधारा प्रवाहित की।

अंततः विचारोत्तेजक वक्तव्यों के साथ इस समृद्ध साहित्यिक अनुष्ठान का समापन हुआ। दोनों पत्रिकाओं की ओर से कार्यक्रम का कुशल संचालन कवि दिनेश कर एवं कवि तापस दास ने किया।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

twenty + 9 =