खड़गपुर। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के पार्थ घोष स्कूल ऑफ लीडरशिप (पीजीएसएल) ने 27 से 30 जुलाई तक नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय योजना बैठक एवं परामर्श में प्रौद्योगिकी एवं नेतृत्व भागीदार के रूप में सहभागिता की घोषणा की है। कार्यक्रम का आयोजन जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के सहयोग से किया जा रहा है।
राष्ट्रीय परामर्श में देशभर के नीति-निर्माता, शिक्षाविद, विशेषज्ञ, सामाजिक संगठन और जमीनी स्तर पर कार्यरत प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसका उद्देश्य बच्चों के विकास, सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तीकरण में प्रौद्योगिकी तथा प्रभावी नेतृत्व की भूमिका को मजबूत करने के लिए व्यावहारिक रणनीति तैयार करना है।
परामर्श में देश के सभी 36 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों तथा 782 जिलों के प्रतिनिधियों की भागीदारी होगी। इससे स्थानीय अनुभवों और क्षेत्रीय चुनौतियों को राष्ट्रीय नीति-निर्माण से जोड़ने तथा प्रौद्योगिकी-आधारित व्यावहारिक समाधान विकसित करने में मदद मिलेगी।
तीन दिवसीय कार्यक्रम में बाल विकास की दीर्घकालिक रणनीतियों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल अवसंरचना और डेटा विश्लेषण के उपयोग, नेतृत्व विकास तथा राष्ट्रीय स्तर पर समन्वित कार्यान्वयन तंत्र पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
पार्थ घोष स्कूल ऑफ लीडरशिप का उद्देश्य मूल्य-आधारित नेतृत्व, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से जटिल सामाजिक चुनौतियों का समाधान विकसित करना है, जबकि जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन देशभर में बाल अधिकारों की सुरक्षा और बाल कल्याण के लिए कार्यरत प्रमुख सामाजिक नेटवर्क है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

