IMG 20251129 WA0007

आईआईटी खड़गपुर में हिंदी तकनीकी कार्यशाला का सफल आयोजन, आधुनिक कम्प्यूटिंग टूल्स पर प्रशिक्षण

खड़गपुर : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के तक्षशिला परिसर में शुक्रवार को हिंदी तकनीकी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सदस्य कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी तथा संस्थान के विभिन्न विभागों, केंद्रों और प्रयोगशालाओं के कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल हुए। कार्यशाला का शुभारंभ संस्थान के हिंदी अधिकारी के स्वागत-संबोधन से हुआ।

राजभाषा विभाग के अध्यक्ष, प्रो. संजय कुमार चतुर्वेदी ने मुख्य अतिथि आरुणि त्रिवेदी, सहायक निदेशक, हिंदी शिक्षण योजना, विशाखापट्टणम का शॉल और श्रीफल देकर सम्मान किया। प्रो. चतुर्वेदी ने अध्यक्षीय भाषण में हिंदी भाषा के संवर्धन और कार्यान्वयन के महत्व पर जोर देते हुए हिंदी कम्प्यूटिंग टूल्स की जानकारी दी, जिन पर प्रशिक्षण कार्यशाला के मुख्य विषय थे।

मुख्य अतिथि आरुणि त्रिवेदी ने ‘हिंदी के आधुनिक कम्प्यूटिंग टूल्स के माध्यम से कार्यालयीन कार्य एवं रिपोर्ट भरने’ पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उन्होंने हिंदी भाषा के व्युत्पत्ति, ऐतिहासिक विकास, क्षेत्रीय विस्तार और संविधान निर्माण सभा में हिंदी को लेकर विचार-विमर्श के विषय रोचक ढंग से प्रस्तुत किए।

साथ ही हिंदी कीबोर्ड, अनुवाद सुविधाएँ और डिजिटल टूल्स के प्रयोग से ऑफिस के कामों को सुगम बनाने के व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किए। कार्यशाला के दूसरे सत्र में वरिष्ठ हिंदी अधिकारी डॉ. राजीव कुमार रावत ने तिमाही प्रगति रिपोर्ट भरने के व्यावहारिक मार्गदर्शन एवं संबंधित शंकाओं का समाधान किया।

हिंदी शिक्षण योजना के तहत प्रवीण, प्राज्ञ एवं पारंगत पाठ्यक्रम उत्तीर्ण कर्मियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। सहायक निदेशक प्रभात कुमार गुप्ता ने प्रशिक्षण-संबंधित आवश्यक जानकारियां दीं।

कार्यक्रम के समापन पर डॉ. रावत ने नराकास अध्यक्ष एवं संस्थान निदेशक डॉ. सुमन चक्रवर्ती, प्रो. संजय चतुर्वेदी, सभी उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार जताया।

कार्यशाला की सफलता का श्रेय अधिशासी राणा विजय प्रताप और वरिष्ठ हिंदी अनुवादक सुकन्या शर्मा को दिया गया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण सत्र को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक और व्यवहारिक बताया। कार्यक्रम का समापन समूह फोटो के साथ हुआ।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

3 × three =